गुरुग्राम के लोगों के लिए अच्छी खबर, अब बारिश में नहीं डूबेगा शहर, मानसून से पहले प्रशासन ने तैयार किया ये प्लान
गुरुग्राम में मानसून के दौरान जलभराव से निपटने के लिए बरसाती पानी के संग्रहण पर जोर दिया जाएगा। इसके तहत ...और पढ़ें

गुरुग्राम में जलभराव से मिलेगी मुक्ति अगले मानसून से पहले 28 नए तालाब तैयार ( फोटो स्रोत : जागरण)
HighLights
मौजूदा जलाशयों की क्षमता बढ़ेगी, 28 नए तालाब बनेंगे गुरुग्राम में।
ताऊ देवीलाल स्टेडियम में भूमिगत जल भंडारण की संभावनाएं तलाशी जाएंगी।
अगले मानसून से पहले जल संग्रहण कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य।
संदीप कुमार, गुरुग्राम। मानसून के दौरान शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए अब बरसाती पानी के संग्रहण पर जोर दिया जाएगा। इसके लिए मौजूदा जलाशयों की क्षमता बढ़ाने के साथ नए तालाब और भूमिगत जल भंडारण स्थल विकसित किए जाएंगे।
अगले मानसून से पहले ऐसे कार्य पूरे करने का लक्ष्य रखा गया है, जिन्हें कम समय में पूरा किया जा सकता है। वजीराबाद और घाटा गांव के जलाशयों का विस्तार करने के साथ सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम की पार्किंग और फुटबाल मैदान के नीचे भूमिगत जल भंडारण की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। नगर निगम की ओर से 28 तालाब तैयार किए जाएंगे।
योजनाओं की हुई समीक्षा..
मंगलवार को शहरी विकास के प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर जलभराव की समस्या के समाधान के लिए तात्कालिक और दीर्घकालिक योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि बरसाती पानी को व्यर्थ बहने से रोककर जलाशयों और तालाबों में संग्रहित करने की व्यवस्था की जाए।
वजीराबाद के जलाशय में 12 एकड़ तक बढ़ सकता है क्षेत्रफल
वजीराबाद में करीब आठ एकड़ में बने जलाशय की खोदाई कर उसकी क्षमता बढ़ाई जाएगी। इसके अलावा जलाशय के क्षेत्रफल में 10 से 12 एकड़ तक अतिरिक्त विस्तार की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। घाटा गांव के जलाशय की भी खोदाई कर गहराई बढ़ाई जाएगी, ताकि मानसून के दौरान अधिक मात्रा में बरसाती पानी का संग्रहण हो सके।
धनचिरी कैंप और स्टेडियम में भी बनेगी व्यवस्था
एंबियंस माल के नजदीक हरियाणा-दिल्ली सीमा पर पर्यटन विभाग की धनचिरी कैंप वाली जमीन पर तालाब विकसित करने की योजना पर भी काम होगा। वहीं, सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम की दोनों बड़ी पार्किंग और फुटबाल मैदान के नीचे भूमिगत जल भंडारण की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। इन कार्यों को जीएमडीए की ओर से करवाया जाएगा।
नगर निगम विकसित करेगा 28 नए तालाब
नगर निगम गुरुग्राम की ओर से बैठक में बताया गया कि पिछले करीब 10 महीनों में 28 मौजूदा तालाबों को विकसित किया गया है।
अब अगले वर्ष मानसून से पहले 28 अन्य तालाब विकसित करने की योजना है। बैठक में सुप्रीम कोर्ट फैसले के बाद मिली 270 एकड़ जमीन पर तालाब या झील विकसित करने की संभावनाओं का अध्ययन करने के निर्देश दिए। उधर, मानेसर नगर निगम ने कासन और नौरंगपुर गांव में तालाब विकसित करने के साथ 21 अन्य तालाबों के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू किया है।
सेक्टर-29 की पार्किंग के नीचे भी होगा अध्ययन
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) सेक्टर-29 के पार्किंग स्थलों के नीचे भूमिगत जल भंडारण की संभावनाएं तलाशेगा। वहीं, एचएसआइआइडीसी की गुरुग्राम और मानेसर के बीच करीब 247 एकड़ जमीन पर बड़ा पार्क विकसित करने की योजना है।
डीएस ढेसी ने इस पार्क की योजना में जलाशय को भी शामिल करने के निर्देश दिए, ताकि वर्षा जल का संचयन किया जा सके। जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डीके बेहेरा ने सुझाव दिया कि मानसून से पहले मौजूदा जलाशयों की खुदाई कर उनकी जल संग्रहण क्षमता बढ़ाई जा सकती है।
जीएमडीए के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहम्मद इमरान रजा, मानेसर नगर निगम आयुक्त प्रदीप सिंह, एचएसवीपी प्रशासक वैशाली सिंह, नगर निगम गुरुग्राम आयुक्त डा. पंकज, अतिरिक्त आयुक्त रविंद्र यादव, मुख्य नगर योजनाकार संजीव मान सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।