विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में मतांतरण प्रकरण: जांच में खुलासा, आरोपी ईसाई दंपति पहले भी करा चुके हैं कई लोगों का धर्म परिवर्तन 

Published: Wed, 18 Nov 2026 03:36 AM (IST)

गुरुग्राम के घाटा गांव में मतांतरण की पाठशाला मामले में पुलिस जांच में नए खुलासे हो रहे हैं। ईसाई दंपती ...और पढ़ें

गुरुग्राम मतांतरण मामला ईसाई दंपती ने पहले भी कराए कई धर्म परिवर्तन ( फोटो स्रोत : जागरण)

गुरुग्राम मतांतरण मामला ईसाई दंपती ने पहले भी कराए कई धर्म परिवर्तन ( फोटो स्रोत : जागरण)

HighLights

  1. घाटा गांव में मतांतरण पाठशाला मामले में पुलिस जांच में नए खुलासे।

  2. ईसाई दंपती पर एनजीओ के जरिए कई लोगों के मतांतरण का आरोप।

  3. अमेरिकी नागरिक महिला की संलिप्तता पर एफआरओ ब्रांच कर रही जांच।

विनय त्रिवेदी, गुरुग्राम। घाटा गांव में झुग्गियों में चल रही मतांतरण की पाठशाला मामले में पुलिस जांच में रोज नई परतें खुल रही हैं। पुलिस को स्थानीय लोगों से जानकारी मिली है कि इस खेल के पीछे ईसाई दंपती पहले भी कई लोगों का मतांतरण करा चुका है।

दंपती एनजीओ के माध्यम से गुरुग्राम-दिल्ली समेत कई जगहों पर मतांतरण की पाठशाला आयोजित करा रहा है। पुलिस अब दंपती की तलाश कर रही है। घाटा गांव के लोगों और शिकायतकर्ता के अनुसार ईसाई दंपती पैशन मूवमेंट इंटरनेशनल नाम से एनजीओ चलाता है।

20 सालों से रह रहे थे दंपति

घाटा गांव के कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि यह ईसाई दंपती उनकी पाठशाला में अक्सर आता था। उन्होंने इनके नाम भी पुलिस को बताए हैं। यह भी पता चला कि यह दंपती सोहना क्षेत्र में कहीं रहता है।

इसके पते की जानकारी की जा रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दंपती में पुरुष मूल रूप से असम का रहने वाला है और उसकी पत्नी अमेरिकी नागरिक है। दंपती के गुरुग्राम व आसपास 20 सालों से रहने की जानकारी मिली है।

अमेरिकी नागरिक महिला की ऐसी गतिविधियों में संलिप्तता मिलने पर अब एफआरओ ब्रांच भी महिला के बारे में पासपोर्ट और वीजा से संबंधित जानकारी जुटा रही है।

किराये के कमरे में चल रही थी पाठशाला

14 नवंबर को घाटा गांव की झुग्गियों से सेक्टर-56 थाना पुलिस ने दिल्ली के आजादपुर निवासी सुमन, मणिपुर के विष्णुपुर निवासी राजकुमारी चाओबा, नेपाल निवासी अशमिता चाहार और मिजोरम के आइजोल निवासी ललनपुई को गिरफ्तार किया था।

राजकुमारी चाओबा इस समय गुरुग्राम के सेक्टर-86, अशमिता चाहार दिल्ली के कोटला और ललनपुई दिल्ली के द्वारका में रह रही थी। इन सभी महिलाओं ने इसी ईसाई दंपती के कहने पर घाटा गांव की झुग्गियों में कमरा किराये पर ले रखा था।

यहीं पाठशाला चलाई जा रही थी। सूत्रों के अनुसार ईसाई दंपती इन महिलाओं को अच्छी-खासी मासिक सैलरी देता था। लेकिन अभी इसकी सटीक जानकारी नहीं मिली है। पुलिस यह पता कर रही है कि ईसाई दंपती यह काम किन-किन क्षेत्रों में कितने साल से कर रहा था।

चारों महिलाओं को कोर्ट से मिली जमानत

पकड़ी गई चारों महिलाओं को सोमवार को कोर्ट से जमानत मिल गई। गुरुग्राम बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण भारद्वाज का कहना है कि हरियाणा मतांतरण रोकथाम अधिनियम 2022 की धारा 3(ए)(आई) के तहत किसी व्यक्ति का धर्म परिवर्तन गलत जानकारी, बल प्रयोग, धमकी, अनुचित दबाव, जबरदस्ती, प्रलोभन या धोखाधड़ी के माध्यम से कराने अथवा ऐसा प्रयास करने पर धारा 12(1) के तहत एक से पांच साल तक की जेल और कम से कम एक लाख रुपये जुर्माने का प्रविधान है। यह गैर जमानती अपराध है। कोर्ट से जमानत मिल सकती है।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में अस्पताल की बदहाली, ऑक्सीजन प्लांट की दो साल से नहीं हो पा रही मरम्मत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।