विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में अस्पताल की बदहाली, ऑक्सीजन प्लांट की दो साल से नहीं हो पा रही मरम्मत

Published: Wed, 18 Nov 2026 03:26 AM (IST)

गुरुग्राम के जिला नागरिक अस्पताल में स्थापित तीन ऑक्सीजन प्लांट तकनीकी खराबी और रखरखाव के अभाव में खराब पड़े हैं, जिनमें से दो प्लांट लगभग दो साल से बंद हैं।

जिला अस्पताल के ऑक्सीजन प्लांट बीमार दो साल से मरम्मत का इंतजार ( फोटो स्रोत : जागरण)

जिला अस्पताल के ऑक्सीजन प्लांट बीमार दो साल से मरम्मत का इंतजार ( फोटो स्रोत : जागरण)

HighLights

  1. गुरुग्राम जिला अस्पताल के तीन ऑक्सीजन प्लांट खराब पड़े हैं।

  2. दो प्लांट लगभग दो साल से तकनीकी खराबी के कारण बंद हैं।

  3. मरम्मत की फाइल चंडीगढ़ मुख्यालय में दो साल से अटकी है।

वरुण त्रिवेदी, गुरुग्राम। सेक्टर-10 स्थित जिला नागरिक अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के दावे के बीच ऑक्सीजन आपूर्ति की व्यवस्था खुद रखरखाव की मोहताज है।

कोरोना संक्रमण के दौरान आपात स्थिति से निपटने के लिए लाखों रुपये की लागत से स्थापित किए गए तीन ऑक्सीजन प्लांट तकनीकी खामियों से जूझ रहे हैं।

ढंग से काम नहीं कर पा रहे प्लांट

लंबे समय से नियमित रखरखाव नहीं होने के कारण ये प्लांट अपनी निर्धारित क्षमता के अनुसार काम नहीं कर पा रहे हैं। स्थिति यह है कि इनकी मरम्मत के लिए करीब दो साल से फाइल चंडीगढ़ मुख्यालय में अटकी हुई है।

अस्पताल कर्मचारियों के मुताबिक, अस्पताल में 250, 500 और 1000 लीटर क्षमता के तीन ऑक्सीजन प्लांट लगाए गए थे। इनमें से दो प्लांट करीब दो वर्षों से तकनीकी खराबी के कारण बंद पड़े हैं। मशीनों के डिस्प्ले, कंप्रेसर सहित अन्य उपकरणों में खराबी बताई जा रही है।

मरीजों को नहीं मिल पा रहा लाभ

समय पर मेंटेनेंस नहीं होने से इनका लाभ मरीजों को नहीं मिल पा रहा है। बताया गया कि ऑक्सीजन की जरूरत पूरी करने के लिए अस्पताल प्रबंधन लिक्विड ऑक्सीजन का सहारा ले रहा है।

इसके लिए बाहर से लिक्विड ऑक्सीजन मंगवाकर अस्पताल परिसर में स्थापित टैंक में भरी जाती है। यहां से पाइपलाइन के माध्यम से आइसीयू, इमरजेंसी और नवजात शिशु वार्ड (एसएनसीयू) तक ऑक्सीजन पहुंचाई जा रही है। इसके अलावा ऑक्सीजन सिलिंडर भी रखे गए हैं।

मुख्यालय की ओर से आक्सीजन प्लांट की मेंटेनेंस सहित अन्य जानकारियां मांगी गई थीं। इस संबंध में रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। अस्पताल में मरीजों के लिए ऑक्सीजन की पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध है। - डॉ नीना गठवाल, पीएमओ, जिला नागरिक अस्पताल

यह भी पढ़ें- राजस्थान में विदेशी पर्यटकों की बस पलटी, आठ घायल; हाईवे पर लग गया भयंकर जाम


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।