विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वायु सेना दिवस: रेजांगला युद्ध स्मारक पर गूंजा वीरों का शौर्य, पूर्व सैन्य अधिकारियों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

Published: Thu, 08 Oct 2026 11:02 AM (IST)

गुरुग्राम के रेजांगला युद्ध स्मारक पर वायु सेना दिवस के अवसर पर भारतीय वायु सेना के शौर्य और बलिदान को सलाम किया गया।

रेजांगला युद्ध स्मारक में वीरों को नमन

रेजांगला युद्ध स्मारक में वीरों को नमन

HighLights

  1. भारतीय वायु सेना के शौर्य और पराक्रम को वायु सेना दिवस पर सलाम।

  2. रेजांगला युद्ध स्मारक पर वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

  3. पूर्व सैन्य अधिकारियों ने सैनिकों के बलिदान को राष्ट्र का सम्मान बताया।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। आसमान की ऊंचाइयों से दुश्मन के मंसूबों को ध्वस्त करने वाली भारतीय वायु सेना के शौर्य और पराक्रम को वायु सेना दिवस पर सलाम किया गया।

बृहस्पतिवार सुबह रेजांगला युद्ध स्मारक पर आयोजित समारोह में पूर्व सैन्य अधिकारियों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को नमन किया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले सैनिकों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।

पूर्व सैन्य अधिकारी कर्नल महावीर यादव ने कहा कि बलिदानियों का सम्मान ही राष्ट्र का सम्मान है। सैनिकों ने देश की सीमाओं की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। उनका साहस और त्याग देश की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

रेजांगला युद्ध स्मारक वीरों की शौर्यगाथा को करता है जीवंत

रेजांगला युद्ध स्मारक उन वीरों की शौर्यगाथा को जीवंत करता है, जिन्होंने विषम परिस्थितियों में भी पीछे हटना स्वीकार नहीं किया। पूर्व सैन्य अधिकारी मेजर डॉ. टीसी राव ने कहा कि भारतीय वायु सेना दुनिया की अग्रणी वायु सेनाओं में शामिल है।

जब-जब देश को आवश्यकता पड़ी, वायु सेना के जवानों ने अदम्य साहस, अनुशासन और अपनी सामरिक क्षमता का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि वायु योद्धाओं के पराक्रम ने अनेक अवसरों पर पूरी दुनिया को भारत की रक्षा क्षमता का अहसास कराया है।

आधुनिक तकनीक के साथ सैनिकों का साहस भारतीय वायु सेना की सबसे बड़ी ताकत है। एडवोकेट शीशराम यादव ने कहा कि वीर सैनिकों की गाथाएं केवल इतिहास का हिस्सा नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा की पाठशाला हैं।

देशहित को रखें सर्वोपरि

समाज को सैनिकों के त्याग से प्रेरणा लेकर देशहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प लेना चाहिए। समारोह में पूर्व सैन्य अधिकारी एके दास, डॉ. राजेंद्र प्रसाद फाउंडेशन के अध्यक्ष राजेश पटेल, रश्मी, ज्योति शाह, जगमल सिंह, ईश्वर शर्मा, सतीश कुमार, नवीन सिंह, राजेश कुमार और जय प्रकाश सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

सभी ने स्मारक पर पुष्प अर्पित कर बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी। बच्चों ने भी अपनी रचनाओं के माध्यम से बलिदानियों काे नमन किया।