गुरुग्राम रोडरेज से महिला बाइकर्स में दहशत, सुरक्षित मोबिलिटी और वुमन फ्रेंडली सड़कों पर सवाल
गुरुग्राम में महिला बाइकर शिवानी चौहान के साथ हुई रोडरेज की घटना ने हाईटेक शहरों में महिला सुरक्षा की जमीनी ...और पढ़ें

महिला बाइकर्स की सुरक्षा पर उठे सवाल। जागरण
HighLights
गुरुग्राम में महिला बाइकर शिवानी चौहान के साथ रोडरेज की घटना।
हाईटेक शहरों में महिला सुरक्षा और मोबिलिटी पर गंभीर सवाल।
एनसीआर के 5000 से अधिक महिला बाइकर्स में दहशत का माहौल।
विनय त्रिवेदी, गुरुग्राम। गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइकर शिवानी चौहान के साथ रोडरेज की घटना ने हाईटेक शहरों में शुमार गुरुग्राम में महिला सुरक्षा की जमीनी हकीकत उजागर कर दी है।
यह मामला अब सिर्फ रोडरेज या ट्रैफिक नियम उल्लंघन का नहीं, बल्कि महिलाओं की सुरक्षित मोबिलिटी और वुमन फ्रेंडली इन्फ्रास्ट्रक्चर पर बड़ा सवाल बन गया है। पूरे एनसीआर में 50 से ज्यादा बाइक राइडर ग्रुप सक्रिय हैं, जिनमें पांच हजार से ज्यादा महिलाएं शामिल हैं।

इस एक घटना के बाद महिला बाइकिंग ग्रुपों में दहशत है। गुरुग्राम की बाइक राइडर हिमानी आनंद का कहना है कि यह घटना सिर्फ रोडरेज या यातायात उलंघन का मामला नहीं है, यह महिलाओं की सुरक्षित मोबिलिटी और वुमन फ्रेंडली इन्फ्रास्ट्रक्चर पर गंभीर सवाल उठाती है।
महिला बाइकर को घूरते हैं लोग
गुरुग्राम की राइडर शिवानी चौधरी का कहना है कि हम महिलाओं से बार-बार यही क्यों कहा जाता है कि अकेले मत जाओ, रात में मत निकलो, अकेले बाइक मत चलाओ। हम पुरुषों को यह क्यों नहीं सिखाते कि किसी महिला को डराना, पीछा करना गलत है।
नोएडा की राइडर दिव्या संधु ने कहा कि सड़क पर कोई महिला बाइकर को पहचान लेता है तो घूरता है। कई बार तो तस्वीरें लेने के लिए मुझे बीच सड़क पर रोका गया। नोएडा की बाइक राइडर सोनिया जैन ने कहा कि गुरुग्राम में घटना करने वाला ही कैमरे के आगे आकर सफाई दे रहा है, मतलब उसको डर नहीं है।
