गुरुग्राम में दंपती की कार का 1 किमी तक पीछा, फिर सोसायटी गेट पर हंगामा; X पर खौफनाक रात का VIDEO वायरल
दिवाली की रात गुरुग्राम में एक युवक और उसकी पत्नी की कार का करीब एक किलोमीटर तक पीछा किया गया ...और पढ़ें
HighLights
दिवाली रात गुरुग्राम में युवक की कार का पीछा।
पीछा करने वालों ने अचानक ब्रेक लगाकर रोकने की कोशिश।
डैशकैम वीडियो साझा करने पर पुलिस ने संज्ञान लिया।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। दिवाली की रात पत्नी के साथ घर लौट रहे एक युवक की कार का दूसरी गाड़ी से करीब एक किलोमीटर तक पीछा करने और रास्ते में रोकने की कोशिश का मामला सामने आया है।
सेक्टर-70 के पास दरबारिपुर रोड पर रात करीब 11:55 बजे हुई इस घटना में युवक ने आरोप लगाया कि पीछा कर रहे वाहन में सवार लोगों ने उसकी कार को ओवरटेक कर अचानक ब्रेक लगाए और बाहर निकलने की कोशिश की।
युवक ने डैशकैम के वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए हैं। मामला सोसायटी के गेट तक पहुंचा, जहां सुरक्षाकर्मियों ने पीछा कर रही गाड़ी को रोक दिया।
Today after much deliberation and 5 days later I have the courage to post this out here. My family is shook I've moved to Gurgaon about 7 months ago and always thought the road rage , mugging ,kidnapping and robbery were incidents seen on Reels . 1/N https://t.co/ft5EYdi1sz
— Shubham Jain (@shubham80793) November 13, 2026
ओवरटेक कर कार के आगे लगाए अचानक ब्रेक
गुरुग्राम निवासी शुभम जैन के अनुसार, शुरुआत में उन्हें लगा कि पीछे से आ रही गाड़ी ओवरटेक करना चाहती है। लेकिन जब वाहन ने उनकी कार को आगे से ओवरटेक कर अचानक ब्रेक लगाए और उसमें सवार लोग नीचे उतरने की कोशिश करने लगे तो उन्हें खतरे का अंदेशा हुआ।
शुभम ने बताया कि उन्होंने कार रोकने के बजाय सोसायटी की तरफ बढ़ाना जारी रखा। इस दौरान दूसरी गाड़ी ने कई बार उनकी कार को रास्ते में काटकर रोकने की कोशिश की।
उनका कहना है कि पीछा करीब एक किलोमीटर तक चला। उन्होंने घटना को याद करते हुए एक्स पर लिखा कि इसके बारे में बताते हुए भी उन्हें डर महसूस हो रहा है।
सोसायटी के गेट पर 20 मिनट तक सुरक्षाकर्मियों से बहस
शुभम के मुताबिक, पीछा कर रही गाड़ी उनकी सोसायटी के गेट तक पहुंच गई। वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने वाहन को रोक लिया। आरोप है कि गाड़ी में सवार लोग करीब 20 मिनट तक गेट पर रुके रहे और अंदर जाने देने के लिए सुरक्षाकर्मियों से बहस करते रहे।
शुभम की ओर से साझा किए गए वीडियो में गेट पर एक वैन रुकी दिखाई दे रही है। एक अन्य क्लिप में एक व्यक्ति सुरक्षाकर्मियों से बहस करता नजर आता है। शुभम ने कहा कि अगर सोसायटी के सुरक्षाकर्मी और डैशकैम नहीं होते तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
स्थानीय बताकर सावधान रहने की सलाह देने का दावा
शुभम ने अपनी पोस्ट में दावा किया कि सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें बताया कि इस तरह की घटनाएं इलाके में आम हैं और संबंधित व्यक्ति स्थानीय है। उनके अनुसार, गाड़ी में मौजूद व्यक्ति ने सुरक्षाकर्मियों को यह भी कहा कि अगर उनकी कार दोबारा दिखाई दी तो उसका इंतजाम कर दिया जाएगा।
शुभम ने इस घटना को लेकर कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिस इलाके में नई साइबर सिटी विकसित की जा रही है और जहां पुलिस स्टेशन भी करीब एक किलोमीटर दूर है, वहां इस तरह की घटना चिंता पैदा करती है।
उन्होंने यह भी लिखा कि उनके दोस्तों और परिवार ने उन्हें मामले पर सार्वजनिक रूप से कुछ नहीं बोलने की सलाह दी थी।
@shubham80793 We have taken note of this. Please share the details of your registered complaint and your contact information via DM for prompt necessary action. Jai Hind.
— Gurugram Police (@gurgaonpolice) November 14, 2026
गुरुग्राम पुलिस ने एक्स पर मांगीजानकारी
शुभम की पोस्ट पर गुरुग्राम पुलिस ने जवाब देते हुए मामले का संज्ञान लेने की बात कही। पुलिस ने उनसे दर्ज शिकायत का विवरण और संपर्क जानकारी निजी संदेश के जरिये साझा करने को कहा, ताकि आगे आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
गुरुग्राम में सड़क पर विवाद और पीछा करने की घटनाएं पहले भी चर्चा में रही हैं। सितंबर में बाइक सवार शिवानी चौहान उर्फ सिया ने गोल्फ कोर्स रोड पर एक कार से पीछा किए जाने और टक्कर मारने का आरोप लगाया था।
इस मामले के बाद काफी नाराजगी सामने आई थी और पुलिस जांच शुरू हुई थी।
इसके अलावा, कुछ महीने पहले सोहना रोड-राजीव चौक मार्ग पर विवाद के बाद एक चालक से मारपीट और उसकी कार में तोड़फोड़ के आरोप में दो कालेज विद्यार्थियों को गिरफ्तार किया गया था
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में बिना PUCC पेट्रोल-डीजल और CNG नहीं, पंपों पर लगेंगे 300 ANPR कैमरे; कटेगा 10 हजार का चालान
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।