गुरुग्राम में बिना PUCC पेट्रोल-डीजल और CNG नहीं, पंपों पर लगेंगे 300 ANPR कैमरे; कटेगा 10 हजार का चालान
गुरुग्राम में वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए 'नो पीयूसी-नो फ्यूल' व्यवस्था लागू की जा रही है। इसके तहत पेट्रोल पंपों ...और पढ़ें

गुरुग्राम के पेट्रोल पंपों पर लगेंगे एएनपीआर कैमरे। फोटो: आर्काइव
HighLights
पेट्रोल पंपों पर 300 एएनपीआर कैमरे लगाए जाएंगे।
कैमरे वाहनों के प्रदूषण प्रमाणपत्र की वैधता ऑनलाइन जांचेंगे।
अवैध पीयूसी पर 10 हजार रुपये तक का जुर्माना लगेगा।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। वाहन का प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी) वैध नहीं है तो अब पेट्रोल, डीजल और सीएनजी भी नहीं मिलेगी। वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन ने पेट्रोल पंपों पर सख्ती की तैयारी कर ली है।
इसके तहत रविवार से जिले के पेट्रोल पंपों पर ऑटोमेटेड नंबर प्लेट रिकग्निशन (एएनपीआर) कैमरे लगाने का काम शुरू होगा। पहले चरण में 300 कैमरे लगाए जाएंगे।
एक अक्टूबर से लागू है नो पीयूसी-नो फ्यूल
जिला परिवहन अधिकारी एवं क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के सचिव संजीव सिंगला ने बताया कि वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के निर्देशों के तहत एनसीआर में एक अक्टूबर 2026 से नो पीयूसी-नो फ्यूल व्यवस्था लागू है। इसके तहत बिना वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र वाले वाहनों को ईंधन नहीं दिया जाना है।
कैमरे स्कैन करेंगे वाहनों की नंबर प्लेट
पेट्रोल पंपों पर लगाए जाने वाले एएनपीआर कैमरे वाहनों की नंबर प्लेट स्कैन करेंगे। इसके बाद वाहन के पंजीकरण नंबर का ऑनलाइन पीयूसी रिकॉर्ड से मिलान किया जाएगा। इससे मौके पर ही प्रमाणपत्र की वैधता का पता चल सकेगा।
कैमरे लगने और पूरी तरह संचालित होने तक पेट्रोल पंप संचालकों को प्रत्येक वाहन का पीयूसी प्रमाणपत्र मैनुअल तरीके से जांचना होगा। प्रमाणपत्र नहीं होने पर ईंधन देने से इनकार करने के साथ वाहन का नंबर भी रिकॉर्ड में दर्ज करना होगा।
10 हजार रुपये के जुर्माने का प्रावधान
सिंगला ने बताया कि सभी पेट्रोल पंपों पर हिंदी और अंग्रेजी में चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इन पर स्पष्ट लिखा होगा कि वैध पीयूसी नहीं तो ईंधन नहीं। बिना वैध पीयूसी वाहन चलाने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत 10 हजार रुपये तक जुर्माना लगाया जा सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।