गुरुग्राम में रियल एस्टेट कारोबारी पर देह व्यापार का आरोप, अब एसआईटी करेगी जांच
गुरुग्राम के एक एनजीओ ने रियल एस्टेट कारोबारी पर संगठित देह व्यापार का आरोप लगाया है। इस मामले की जांच ...और पढ़ें

गुरुग्राम में रियल एस्टेट कारोबारी पर देह व्यापार का आरोप, अब एसआईटी करेगी जांच ( एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
एनजीओ ने रियल एस्टेट कारोबारी पर देह व्यापार का आरोप लगाया।
शिकायत के बाद जांच अब एसआइटी को सौंपी गई है।
एसआइटी पहले से ही धोखाधड़ी मामलों की जांच कर रही है।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम के एक एनजीओ ने रियल एस्टेट कारोबारी व उसके साथियों पर संगठित देह व्यापार का आरोप लगाया है। एनजीओ ने इसकी लिखित शिकायत कुछ दिन पहले डीसीपी साउथ को दी थी।
इसकी जांच एसीपी बादशाहपुर कर रहे थे। अब शनिवार को इसकी आगे की जांच आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी में दर्ज एफआइआर के मामले में गठित एसआईटी को सौंपी गई है।
सरकारी अधिकारियों पर लगे आरोप
गुरुग्राम के एनजीओ वंशनी फाउंडेशन की ओर से डीसीपी को दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया कि ग्रुप की सोहना, भोंडसी, गुरुग्राम में टाउनशिप हैं। ग्रुप प्रापर्टीज के जरिए गुरुग्राम में देह व्यापार चलाया जा रहा है। शिकायत में कुछ सरकारी अधिकारियों की भी मिलीभगत के आरोप लगाए गए हैं।
आरोप है कि गुरुग्राम के साथ-साथ अन्य जगहों पर भी संगठित तरीके से यह देह व्यापार चलाया जा रहा है। जहां आरोपित ग्रुप की टाउनशिप, होटलों और आरोपितों से जुड़ी दूसरी प्रापर्टीज में दूसरे देशों से भी महिलाओं को ला रहे हैं।
आरोपियों और एनजीओ को जारी हुए नोटिस
एनजीओ ने शिकायत में दावा किया कि आरोपितों पर पहले भी भोंडसी व सोहना थाने में धोखाधड़ी से संबंधित केस दर्ज हुए हैं। इस पर एसआइटी जांच कर रही है। शिकायत के बाद इसकी जांच एसीपी बादशाहपुर कर रहे थे।
उन्होंने आरोपितों व एनजीओ को नोटिस जारी किए थे। एनजीओ से आरोप के प्रमाण मांगे गए थे। एनजीओ ने बताया कि सभी सुबूत पुलिस को सौंपे गए हैं।
एसीपी बादशाहपुर कुलदीप कुमार का कहना है कि मामले की आगे की जांच एसआइटी को सौंपी गई है। एसआइटी धोखाधड़ी से संबंधित जांच कर रही है। अब इस मामले की जांच भी एसआइटी करेगी।
यह भी पढ़ें- जेवर में किसान इस्माइल की हत्या का खुलासा, बहेलिया गैंग के चार बदमाश गिरफ्तार