विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिजली हड़ताल से निपटने को गुरुग्राम प्रशासन अलर्ट, निर्बाध आपूर्ति पर जोर

Published: Thu, 22 Oct 2026 09:22 AM (IST)

गुरुग्राम प्रशासन ने 22-24 अक्टूबर को होने वाली बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के मद्देनजर निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने की तैयारी की है।

बिजली हड़ताल से निपटने को गुरुग्राम प्रशासन अलर्ट ( एआई जेनरेटेड इमेज )

बिजली हड़ताल से निपटने को गुरुग्राम प्रशासन अलर्ट ( एआई जेनरेटेड इमेज )

HighLights

  1. बिजली कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल के मद्देनजर जिला प्रशासन सतर्क।

  2. उपायुक्त ने निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

  3. अस्पतालों, जलापूर्ति और मेट्रो जैसी आवश्यक सेवाओं पर विशेष निगरानी।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। बिजली कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल के मद्देनजर जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। उपायुक्त उत्तम सिंह ने बुधवार को बिजली अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अस्पतालों, जलापूर्ति और मेट्रो जैसी आवश्यक सेवाओं पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए वैकल्पिक इंतजाम करने को कहा।

कर्मचारियों के शामिल होने की संभावना

ऑल इंडिया पावर कॉरपोरेशन और बिजली कर्मचारियों की विभिन्न यूनियनों ने 22, 23 और 24 अक्टूबर को हड़ताल की घोषणा की है। इसमें दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के बड़ी संख्या में कर्मचारियों के शामिल होने की संभावना है।

इससे बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है। निगम की ओर से आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के लिए वैकल्पिक संसाधनों की व्यवस्था की जा रही है। उपायुक्त उत्तम सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिजली आपूर्ति में बाधा आने पर त्वरित कार्रवाई कर जल्द बहाली सुनिश्चित की जाए।

हड़ताल के दौरान शिकायतों का प्राथमिकता से निपटारा किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को कम से कम परेशानी हो। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और आवश्यक सेवाओं की लगातार निगरानी करने को कहा।

हेल्पलाइन नंबरों पर दर्ज कराएं शिकायत

बिजली आपूर्ति बाधित होने या आपात स्थिति में उपभोक्ता डीएचबीवीएन के टोल फ्री नंबर 1912 और 180010804334 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा व्हाट्सऐप नंबर 8813999708 और 9540954768 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

बैठक में डीएचबीवीएन सर्कल-एक के अधीक्षण अभियंता श्यामवीर सैनी, सर्कल-दो के अधीक्षण अभियंता मनोज यादव और एचवीपीएनएल के अधीक्षण अभियंता केके सरकार मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- गुजरात के सरकारी स्कूलों में बिना इजाजत नहीं होगी बाहरी लोगों की एंट्री, सरकार ने सख्त किए नियम