साइबर सिटी में प्रदूषण पर लगेगा ब्रेक: 'एक्शन प्लान-2027' तैयार करेगा नगर निगम, बदलेगी गुरुग्राम की सूरत
गुरुग्राम नगर निगम ने वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए वर्ष 2027 तक का वार्षिक कार्ययोजना तैयार करने का निर्णय लिया है।
-1795776391773_m.webp)
निगम कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए निगमायुक्त डॉ. पंकज। फोटो-प्रवक्ता
HighLights
सड़कों से धूल हटाने, फुटपाथ व्यवस्थित करने का लक्ष्य।
कचरा जलाने पर रोक, निर्माण मलबे का उचित निस्तारण।
स्वीपिंग मशीनों, एंटी स्मॉग गन के प्रभावी संचालन पर जोर।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। शहर में वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए अब नगर निगम गुरुग्राम वर्ष 2027 की वार्षिक कार्ययोजना तैयार करेगा।
इस कार्ययोजना के तहत सड़कों से धूल हटाने, फुटपाथ और ग्रीन बेल्ट को व्यवस्थित करने, कचरा जलाने पर रोक लगाने से लेकर निर्माण एवं विध्वंस मलबे के उचित निस्तारण तक के लक्ष्य निर्धारित किए जाएंगे।
निगमायुक्त ने अधिकारियों को दिए निर्देश
निगमायुक्त डॉ. पंकज ने शुक्रवार को निगम कार्यालय में एनएचएआई, जीएमडीए, एचएसवीपी, नगर निगम, एचएसआईआईडीसी, पीडब्ल्यूडी और पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर वार्षिक एक्शन प्लान-2027 तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी विभागों को अपने-अपने क्षेत्र में निर्धारित कार्य समय सीमा के भीतर पूरे करने को कहा है।
CAQM के फ्रेमवर्क को फॉलो करने का निर्देश
निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभाग अपने अधीन आने वाली सड़कों का निर्माण और रखरखाव सीएक्यूएम के निर्धारित फ्रेमवर्क के तहत करवाएं। सड़क, फुटपाथ, सेंट्रल वर्ज और ग्रीन बेल्ट में कहीं भी मिट्टी के खाली हिस्से यानी ब्राउन पैच नहीं रहने चाहिए।
ऐसे स्थानों पर एंड-टू-एंड पेविंग करवाई जाए और जहां संभव हो वहां हरियाली तथा घास विकसित की जाए। इसका उद्देश्य खुले में पड़ी मिट्टी से उड़ने वाली धूल को रोकना है। उन्होंने फुटपाथ निर्माण में भी गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा।
साथ ही उन्होंने कहा कि कर्व स्टोन निर्धारित मानकों के अनुसार लगाए जाएं, ताकि वे बार-बार क्षतिग्रस्त न हों और पैदल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
स्वीपिंग मशीनों और एंटी स्मॉग गन की जांच
निगमायुक्त ने धूल नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे डस्ट फ्री अभियान की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वीपिंग मशीनों और एंटी स्मॉग गन का संचालन केवल कागजों में नहीं, बल्कि धरातल पर प्रभावी रूप से दिखाई देना चाहिए।
निगमायुक्त ने कहा कि निगम क्षेत्र में संबंधित संयुक्त आयुक्त स्वयं मौके पर जाकर इन मशीनों और उपकरणों की कार्यप्रणाली की जांच करें। प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित गतिविधियों की निगरानी दिन के साथ-साथ रात में भी की जाए। इसके लिए रात्रि गश्त बढ़ाने और संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।
कचरा जलाने और अवैध डंपिंग पर कार्रवाई
सर्दियों में कूड़ा, प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए निगमायुक्त ने विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने पुलिस विभाग से भी इसमें सक्रिय भूमिका निभाने और निगम अधिकारियों के साथ समन्वय बनाए रखने का आग्रह किया।
निगमायुक्त ने कहा कि पटौदी, फरुखनगर और सोहना में भी सीएंडडी वेस्ट कलेक्शन सेंटर स्थापित करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि निर्माण और तोड़फोड़ से निकलने वाले मलबे का उचित संग्रहण एवं निस्तारण हो सके।
ग्रीन बेल्ट में कचरा और मलबा डालने पर रोक
बैठक में सड़क किनारे और ग्रीन बेल्ट में रखे गए डीजी सेट के संबंध में भी नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया। एनएचएआई अधिकारियों को राष्ट्रीय राजमार्गों और सर्विस लेन की मशीनों से नियमित सफाई करवाने के निर्देश दिए गए।
साथ ही ग्रीन बेल्ट को सुरक्षित रखने और वहां कचरा एवं मलबा डाले जाने से रोकने के लिए उचित तरीके से कवर करने को कहा गया।
पार्किंग, चार्जिंग स्टेशन पर भी काम
वायु प्रदूषण नियंत्रण को केवल सफाई तक सीमित नहीं रखते हुए निगमायुक्त ने शहरी यातायात और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को भी कार्ययोजना में शामिल करने के निर्देश दिए।
इनमें एयर क्वालिटी मानिटरिंग स्टेशन की स्थापना, पार्किंग सुविधाओं का विस्तार, इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन और बैटरी स्वैपिंग स्टेशन विकसित करना, रोड डी-कंजेशन तथा स्मार्ट ट्रैफिक लाइट से संबंधित कार्य शामिल हैं।
उद्योग विहार की सड़कों की सुधरेगी स्थिति
निगमायुक्त डॉ. पंकज ने एचएसआईआईडीसी के अधिकारियों को उद्योग विहार क्षेत्र की सड़कों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में भी सड़कों की स्थिति बेहतर होनी चाहिए और सफाई एवं रखरखाव नियमित रूप से किया जाए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।