प्लास्टिक दाने की आड़ में गांजा तस्करी का पर्दाफाश; गुरुग्राम में 673 किलो गांजे के साथ दो अरेस्ट
गुरुग्राम क्राइम ब्रांच ने सुभाष चौक के पास एक ट्रक से 673 किलो गांजा जब्त किया है, जिसकी बाजार में ...और पढ़ें

गुरुग्राम में नशे की बड़ी खेप पकड़ी गई (AI-Generated Image)
HighLights
गुरुग्राम क्राइम ब्रांच ने 673 किलो गांजा जब्त किया।
जब्त गांजे की बाजार कीमत सवा करोड़ रुपये।
ओडिशा से भिवाड़ी जा रहे दो तस्कर गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने सुभाष चौक के पास नाकेबंदी के दौरान एक ट्रक से 673 किलो गांजा बरामद किया है। जिसकी बाजार में कीमत सवा करोड़ रुपये से ज्यादा आंकी जा रही है।
पुलिस ने इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है और ट्रक को जब्त कर लिया है। पुलिस के अनुसार सोमवार रात क्राइम ब्रांच की टीम सुभाष चौक के पास वाहनों की जांच कर रही थी।
ओडिशा से बहादुरगढ़ ले जा रहे थे गांजा
इसी दौरान एक ट्रक को रोककर चेक किया गया। ट्रक चालक ने पुलिस को बिल्टी दिखाई, जिसमें लिखा था कि ट्रक में प्लास्टिक दाना है और इसे ओडिशा से बहादुरगढ़ ले जाया जा रहा है। लेकिन पुलिस को ट्रक चालक की गतिविधियों पर शक हुआ। जब ट्रक की गहनता से तलाशी ली गई तो अंदर प्लास्टिक दाने के कट्टों के बीच बड़ी चालाकी से गांजे के कट्टे छिपाए गए थे।
पूछताछ में पता चला कि राजस्थान का रहने वाला ट्रक चालक ओडिशा में माल की सप्लाई करने गया था। वहां से प्लास्टिक दाना लोड कर वापस आ रहा था। ओड़िशा में ही एक तस्कर ने उसे गांजा तस्करी का आफर दिया। दो लाख रुपये के लालच में आकर चालक ने कट्टों के बीच गांजा छिपा लिया।
भिवाड़ी में एक व्यक्ति को देना था गांजा
उसे यह गांजा भिवाड़ी में एक व्यक्ति को देना था, जिसके बाद उसे प्लास्टिक दाना लेकर बहादुरगढ़ जाना था। पुलिस ने मौके पर ही ट्रक चालक समेत दो आरोपितों को काबू कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपितों ने तस्करी की बात स्वीकार की है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ओडिशा में गांजा किसने दिया और भिवाड़ी में इसे कौन रिसीव करने वाला था। इस नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं, इसकी भी जांच की जा रही है। क्राइम ब्रांच का कहना है कि आरोपितों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि पूरे सप्लाई चेन का पर्दाफाश किया जा सके।
