ब्रिक्स समिट के चलते दिल्ली-NCR में ट्रैफिक पुलिस अलर्ट, VVIP मूवमेंट के लिए गुरुग्राम में रूट तय; एडवाइजरी जारी
गुरुग्राम पुलिस ने 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए यातायात व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है, जिसमें वीवीआईपी और ...और पढ़ें
HighLights
गुरुग्राम पुलिस ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए यातायात व्यवस्था को लेकर तैयार।
वीवीआईपी और विदेशी प्रतिनिधियों की आवाजाही के कारण यातायात दबाव बढ़ेगा।
प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात, आम जनता को कम परेशानी।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आज से 13 सितंबर तक चलने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को लेकर गुरुग्राम पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। सम्मेलन में शामिल होने वाले राष्ट्राध्यक्षों और विदेशी प्रतिनिधियों के दिल्ली-एनसीआर में आवागमन को देखते हुए गुरुग्राम के हाईवे और शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात दबाव बढ़ने की आशंका है।
इसे देखते हुए अगले तीन से चार दिनों तक गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस विशेष सतर्कता बरतेगी। आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
सम्मेलन के दौरान दिल्ली में वीवीआइपी आवाजाही के कारण कई प्रमुख मार्गों पर यातायात नियंत्रित किया जा सकता है। इसका सीधा असर गुरुग्राम-दिल्ली सीमा से लेकर दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे और दिल्ली एयरपोर्ट की ओर जाने वाले मार्गों पर पड़ने की आशंका है। इसे देखते हुए महरौली-गुरुग्राम रोड, शंकर चौक, इफ्को चौक, राजीव चौक समेत प्रमुख जंक्शनों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी।
गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस का प्रयास रहेगा कि वीवीआइपी काफिलों और विदेशी प्रतिनिधियों की आवाजाही के दौरान आम वाहन चालकों को कम से कम परेशानी हो। हाईवे पर वाहन खराब होने, दुर्घटना या किसी अन्य कारण से यातायात बाधित होने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर भेजने की व्यवस्था भी की जाएगी।
कंपनियों के दौरे पर भी रहेगी नजर
ब्रिक्स सम्मेलन में आने वाले विदेशी प्रतिनिधियों के गुरुग्राम स्थित बहुराष्ट्रीय कंपनियों और प्रमुख औद्योगिक प्रतिष्ठानों का दौरा करने की संभावना को देखते हुए भी पुलिस विशेष सतर्कता बरतेगी। प्रतिनिधियों के कार्यक्रम के अनुसार संबंधित मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जा सकता है।
सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय कर यातायात को सुचारू रखने की योजना तैयार की गई है। सम्मेलन से जुड़े प्रतिनिधियों के दिल्ली से जयपुर जाने की संभावना को देखते हुए दिल्ली-गुरुग्राम-जयपुर मार्ग पर भी यातायात व्यवस्था महत्वपूर्ण रहेगी।
भारी वाहनों और रोजाना के कार्यालयी यातायात का दबाव
इस मार्ग पर पहले से ही भारी वाहनों और रोजाना के कार्यालयी यातायात का दबाव रहता है। ऐसे में विदेशी प्रतिनिधियों के काफिलों की आवाजाही के दौरान सामान्य यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए पुलिस को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी होगी।
सम्मेलन के दौरान यातायात व्यवस्था सामान्य रखना प्राथमिकता होगी। प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों की मौजूदगी बढ़ाई जाएगी। यातायात की स्थिति के अनुसार तत्काल निर्णय लेकर व्यवस्था में बदलाव किया जा सकेगा। - सत्यपाल यादव, सहायक पुलिस आयुक्त, ट्रैफिक (हाईवे एवं मुख्यालय)
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में 10 साल पुराने केस में बिल्डर पिता-पुत्र को राहत, मिली नियमित जमानत
