गुरुग्राम में दवा कंपनियों की शर्मनाक हरकत, साधु संतों की AI फोटो लगा कर परोस रही अश्लील विज्ञापन, FIR दर्ज
दवा कंपनियों द्वारा साधु-संतों के एआई फोटो का उपयोग कर अश्लील विज्ञापन चलाने का मामला सामने आया है, जिससे हिंदू समाज में आक्रोश है।

गुरुग्राम में अश्लील विज्ञापन चलाने को लेकर दवा कंपनियों पर FIR दर्ज ( फोटो स्रोत : जागरण )
HighLights
दवा कंपनियों ने साधु-संतों के एआई फोटो का उपयोग किया।
यौन क्षमता बढ़ाने वाले उत्पादों के अश्लील विज्ञापन चलाए गए।
हिंदू समाज के विरोध पर गुरुग्राम पुलिस ने केस दर्ज किया।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। कुछ दवा कंपनियों द्वारा इंटरनेट मीडिया पर साधु-संतों के एआई फोटो लगाकर अश्लील विज्ञापन करने का मामला सामने आया है।
साधु-संतों के फोटो लगे होने से हिंदू समाज में आक्रोश है। धर्माचार्य अरुण कृष्ण के नेतृत्व में हिंदू समाज ने प्रदर्शन कर पुलिस को शिकायत दी। सेक्टर 50 थाना पुलिस ने शनिवार को केस दर्ज किया है।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस के मुताबिक, आईटी एक्ट, स्त्री अशिष्ट रूपण अधिनियम और औषधि एवं उपचार अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है, ताकि पूरी सच्चाई का पता लग सके।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कार्रवाई रके दौरान किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाए।
वहीं, अंबेडकर नगर निवासी धर्माचार्य अरुण कृष्ण के नेतृत्व में बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोगों ने शुक्रवार को सेक्टर 50 यूनीटेक बिजनेस जोन स्थित कंपनी के बाहर प्रदर्शन किया था।
धार्मिक भावनाओं को पहुंची ठेस
शिकायत में कहा गया कि पेस्टजेम्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के नाम से यह विज्ञापन इंटरनेट मीडिया पर चलाए गए। धर्माचार्य ने बताया कि वह कुछ दिन पहले इंटरनेट मीडिया देख रहे थे, तभी उनके सामने एक अश्लील विज्ञापन आया।
इसमें यौन क्षमता बढ़ाने के नाम पर अश्लीलता परोसी जा रही थी। इस पर कुछ साधु संतों के एआई आधारित फोटो भी थे, जिससे हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है।
यह भी पढ़ें- DMCH दरभंगा में इलाज कराने पहुंचे तो डॉक्टरों से हो गई भिड़ंत, एक महीने में चौथी बार मारपीट