DMCH दरभंगा में इलाज कराने पहुंचे तो डॉक्टरों से हो गई भिड़ंत, एक महीने में चौथी बार मारपीट
डीएमसीएच दरभंगा में जूनियर डॉक्टरों और मरीज के परिजनों के बीच मारपीट की घटनाएँ लगातार बढ़ रही हैं। हाल ही में एक मरीज के भाई को एक्स-रे फिल्म दिखाते समय मोबाइल निकालने पर पीटा गया और फोन छीन लिया गया।
-1795972409508_m.webp)
डीएमसीएच इमरजेंसी ट्रायज एरिया में मारपीट के दौरान मरीज और स्वजन की भीड़। सौ. सूत्र
HighLights
डीएमसीएच में जूनियर डॉक्टरों और परिजनों के बीच मारपीट।
एक्स-रे फिल्म दिखाते समय मोबाइल निकालने पर हुआ विवाद।
नवंबर माह में यह चौथी ऐसी घटना, पुलिस ने किया हस्तक्षेप।
संवाद सहयोगी, दरभंगा। डीएमसीएच (दरभंगा मेडिकल कालेज अस्पताल) में जूनियर डाक्टर और मरीज के स्वजन के बीच मारपीट-दुर्व्यवहार की घटना तेजी से बढ़ रही है।
शनिवार रात भी इमरजेंसी विभाग में टूटे हाथ का उपचार कराने पहुंचे मरीज और जूनियर डाक्टरों के बीच जमकर तू-तू, मैं-मैं के साथ मारपीट हुई। बताया जाता है कि हनुमाननगर प्रखंड के पंचोभ गांव निवासी सार्थक झा रात करीब नौ बजे अपने भाई का टूटे हाथ का इलाज कराने पहुंचे।
रजिस्ट्रेशन काउंटर से पर्ची कटाकर दिखाने पर डाक्टरों ने एक्सरे जांच का परामर्श दिया। इमरजेंसी विभाग का मशीन खराब होने के चलते उन्हें बाहर से एक्सरे कराकर लाना पड़ा। इसके बाद एक्सरे फिल्म दिखाने के दौरान सार्थक झा ने फोटो खींचने के इरादे से जेब से मोबाइल निकाला।
बताया जाता है कि इसी बात पर जूनियर डाक्टर बिफर उठे और थप्पड़ जड़ दिया। मारपीट के दौरान पीड़ित सार्थक झा ने आर्थो विभाग के जूनियर डाक्टरों के साथ कर्मचारियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया।
उन्होंने बताया कि आर्थो विभाग के एक कर्मी ने मोबाइल छीन लिया। इसके बाद जूनियर डाक्टरों ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए मारपीट की। इस दौरान उनके मरीज भाई को भी पीटा गया। हो-हंगामे की सूचना पर पहुंचे सुरक्षा सुपरवाइजर ने बेंता पुलिस को बुलाया। पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत कराया।
एक माह में चौथी बार हुई डाक्टर-स्वजन भिड़ंत
डीएमसीएच में जूनियर डाक्टर और स्वजन की भिडंत आए दिन की घटना बन गई। इस वर्ष नवंबर माह में मारपीट की घटना चौथी बार हुई है। इससे पहले 10 नवंबर को बहादुरपुर थाना के खराजपुर निवासी मरीज के स्वजन और जूनियर डाक्टरों में मारपीट हुई।
इस घटना में सड़क हादसे में जख्मी शुभम कुमार मंडल के छोटे भाई को कमरे में बंद कर पीटा गया। इसके बाद कई घंटे के लिए डाक्टरों ने उपचार भी ठप कर दिया। जिसे अस्पताल प्रशासन ने मशक्कत कर सुचारू कराया।
इसी तरह उपचार कराने आए मरीज और स्वजन के साथ मारपीट की दूसरी और तीसरी घटना एक ही दिन 24 नवंबर हुई। दिन के करीब 12 : 15 बजे इमरजेंसी के ट्रायज एरिया में हादसे में जख्मी समस्तीपुर के सिंघिया निवासी हादसे में घायल अनिल सिंह के भाई प्रदीप सिंह को मामूली कहासुनी पर जूनियर डाक्टरों ने पीट दिया।
जिसके बाद परिसर में फटा शर्ट और सूजे गाल दिखाकर घंटों रोने के बाद दोनों भाई निजी अस्पताल चले गए। जबकि तीसरी घटना मंगलवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हुई। शहर के कादिराबाद निवासी न्यूरोलाजी के एक मरीज के स्वजन इमरजेंसी में पूछताछ के दौरान सर्जरी के जूनियर डाक्टरों ने पीट दिया। जिसके बाद हो-हंगामा बेंता पुलिस के हस्तक्षेप से शांत हुआ।
- डीएमसीएच में मरीजों के उपचार के लिए बेहतर व्यवस्था है। जूनियर डाक्टर और मरीज के स्वजन के बीच विवाद को रोकने के अस्पताल प्रशासन ने यूनिट हेड को जिम्मेवारी सौंपी है। इस तरह की घटना दोबारा होने पर विभागाध्यक्ष के माध्यम से दोषियों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी।
-डा. अमित कुमार झा, उपाधीक्षक, डीएमसीएच
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।