अरबों की जमीन दान करने वाले महाराज कामेश्वर सिंह के नाम पर हो दरभंगा एयरपोर्ट
Airport renaming : सामाजिक संगठनों ने दरभंगा हवाई अड्डे का नाम दानवीर महाराज कामेश्वर सिंह के नाम पर रखने की मांग तेज कर दी है। उनके अतुलनीय योगदान और मिथिला की विरासत के सम्मान में यह नामकरण करने की बात कही गई है।
-1795800356081_m.webp)
विमर्श में अपनी बात रखते सामाजिक कार्यकर्ता। सौजन्य-केंद्र
HighLights
दरभंगा हवाई अड्डे का नाम महाराज कामेश्वर सिंह पर रखने की मांग
महाराज ने मिथिला और देश के विकास के लिए बहुत दान किया
आंबेडकर युवा केंद्र ने इस नामकरण अभियान को तेज किया
जागरण संवाददाता , दरभंगा। आसमान में उड़ान भरने वाले दरभंगा हवाई अड्डे की पहचान अब मिथिला के गौरवशाली इतिहास से भी जुड़नी चाहिए। सामाजिक संगठनों ने इस हवाई अड्डे का नामकरण मिथिला के महान दानवीर महाराज कामेश्वर सिंह के नाम पर करने की मांग तेज कर दी है।
मांग है कि दरभंगा हवाई अड्डे का नाम 'सर महाराज कामेश्वर सिंह दरभंगा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा' रखा जाए। इसके पीछे तर्क है कि जिस महाराज ने अपनी अकूत संपत्ति, जमीन और संसाधन मिथिला, बिहार और देश के विकास के लिए समर्पित किए, उन्हें यह सम्मान मिलना चाहिए।
आंबेडकर युवा केंद्र की ओर से आयोजित विमर्श में इस मांग को मजबूती से उठाया गया। वक्ताओं ने कहा कि हवाई अड्डे का नामकरण महाराज के नाम पर होना उनके योगदान और मिथिला की ऐतिहासिक विरासत का सम्मान होगा।
शिक्षा से समाजसेवा तक अतुलनीय योगदान
वक्ताओं ने कहा कि महाराज कामेश्वर सिंह ने दरभंगा ही नहीं, पूरे मिथिला और बिहार के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने अनेक विद्यालयों, महाविद्यालयों, अस्पतालों और धार्मिक संस्थानों की स्थापना में योगदान दिया। गरीबों, किसानों और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए भी जीवनभर काम किया। उनकी ओर से दान की गई जमीन और संपत्ति आज भी समाज के लिए महत्वपूर्ण है।
देश के लिए भी खोला था खजाना
विमर्श में वक्ताओं ने महाराज के राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति योगदान का भी उल्लेख किया। कहा कि चीन युद्ध के दौरान उन्होंने देश को विमान और 15 मन सोना दान किया था। उनका योगदान केवल मिथिला तक सीमित नहीं था, बल्कि राष्ट्रीय हितों के लिए भी उन्होंने अपनी संपत्ति का उपयोग किया।
दानवीर को सम्मान देने की उठाई मांग
वक्ताओं ने कहा कि सामान्य व्यक्ति की ओर से एक-दो कट्ठा जमीन दान करने पर भी संस्थानों में दानदाता का नाम अंकित कर सम्मान दिया जाता है। ऐसे में महाराज कामेश्वर सिंह की ओर से मिथिला के विकास के लिए बड़े पैमाने पर किए गए भूमि और संपत्ति के दान को देखते हुए उनके नाम पर हवाई अड्डे का नामकरण होना चाहिए।
मांग पूरी होने तक जारी रहेगा अभियान
आंबेडकर युवा केंद्र ने केंद्र सरकार, बिहार सरकार और नागर विमानन मंत्रालय से शीघ्र नामकरण की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि दरभंगा हवाई अड्डा मिथिला की पहचान है। इसका नाम महाराज कामेश्वर सिंह के नाम पर रखने से नई पीढ़ी को उनके त्याग, सेवा और राष्ट्रभक्ति की जानकारी मिलेगी। मांग पूरी होने तक अभियान जारी रखने का संकल्प भी लिया गया।
ये रहे मौजूद
मौके पर आंबेडकर युवा केंद्र के सचिव विजय कुमार पासवान, भीम आर्मी भारत एकता मिशन के प्रदेश सचिव सह दरभंगा प्रमंडल प्रभारी विशाल आनंद, अखिल भारतीय दुसाध उत्थान परिषद के महासचिव रामाशीष राकेश पासवान, ललन पासवान, मिथिलेश कुमार सुमन, अमर राम और आंबेडकर शोध संस्थान के निदेशक आदर्श कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।