विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में कड़ाके की ठंड से पहले प्रशासन ने कसी कमर, बेघरों के लिए बनाया ये प्लान, शुरू किए 6 रैन बसेरे 

Published: Wed, 18 Nov 2026 01:41 AM (GMT+05:30)

गुरुग्राम नगर निगम ने कड़ाके की ठंड से पहले बेघर और बेसहारा लोगों के लिए शहर में छह रैन बसेरे ...और पढ़ें

कड़ाके की ठंड से पहले बेघरों के लिए इंतजाम ( फोटो स्रोत : जागरण)

कड़ाके की ठंड से पहले बेघरों के लिए इंतजाम ( फोटो स्रोत : जागरण)

HighLights

  1. गुरुग्राम में छह रैन बसेरे बेघरों के लिए शुरू।

  2. साफ बिस्तर, गर्म पानी, चाय जैसी सुविधाएं उपलब्ध।

  3. अतिरिक्त निगमायुक्त करेंगी व्यवस्थाओं की निगरानी।

संदीप कुमार, गुरुग्राम। सर्दी का असर बढ़ने से पहले ही नगर निगम ने बेघर और बेसहारा लोगों के लिए रात्रि आश्रय की व्यवस्था शुरू कर दी है। शहर में छह स्थानों पर रैन बसेरों का संचालन शुरू किया गया है।

यहां जरूरतमंद लोगों को रात गुजारने के लिए सुरक्षित जगह के साथ साफ और नए बिस्तर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा ठंड से राहत देने के लिए गर्म पानी और चाय की व्यवस्था भी की जाएगी। रैन बसेरों में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि रात के समय आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।

लोगों को राहत पहुंचाना उद्देश्य

नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य उन लोगों को राहत पहुंचाना है, जिनके पास सर्द रातों में ठहरने के लिए कोई स्थायी स्थान नहीं है। इनमें श्रमिक, राहगीर और अन्य जरूरतमंद लोग भी शामिल हैं।

निगम ने रैन बसेरों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए विभिन्न स्थानों पर सूचना बोर्ड भी लगवाए हैं, जिससे जरूरतमंद व्यक्ति आसानी से नजदीकी आश्रय स्थल तक पहुंच सकें।

इन छह स्थानों पर मिलेगी ठहरने की सुविधा

नगर निगम ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में छह रैन बसेरे शुरू किए हैं। इनमें महावीर चौक, कादीपुर, सेक्टर 4-7 चौक भीमनगर, दरबारीपुर रोड, कन्हई और राजीव चौक शामिल हैं।

इन स्थानों का चयन इस तरह किया गया है कि शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंद लोगों को रात्रि आश्रय की सुविधा मिल सके। रात के समय खुले में सोने को मजबूर लोगों के लिए ये रैन बसेरे सुरक्षित ठिकाना बनेंगे।

नए बिस्तर और जरूरी सुविधाओं पर जोर

रैन बसेरों में बिस्तरों की स्वच्छता और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया है। यहां साफ एवं नए बिस्तर उपलब्ध कराए गए हैं। ठंड के मौसम में ठहरने वाले लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए शौचालय, गर्म पानी और चाय की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

कर्मचारियों की तैनाती से रैन बसेरों में व्यवस्थाओं को बनाए रखने और जरूरतमंदों को सुविधाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी तय की गई है।

अतिरिक्त निगमायुक्त करेंगी निगरानी

रैन बसेरों में व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए अतिरिक्त निगमायुक्त पूजा चांवरिया को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। निगमायुक्त डॉ पंकज ने उन्हें व्यवस्थाओं पर नजर रखने और सभी जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी सौंपी है।

निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि रैन बसेरों में आने वाले किसी भी जरूरतमंद को ठहरने और बुनियादी सुविधाएं मिलने में परेशानी नहीं होनी चाहिए।

यह भी पढ़ें- बल्लभगढ़ से खत्म होंगे कूड़े के खत्ते, बनेगी ग्रीन बेल्ट, प्रदूषण से मिलेगी राहत 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।