विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सड़कों के चौड़ीकरण का रास्ता साफ, गुरुग्राम के नए सेक्टरों की बदलेगी तस्वीर; हरियाणा सरकार ने शुरू की प्रक्रिया

Published: Mon, 05 Oct 2026 07:11 AM (IST)Updated: Mon, 05 Oct 2026 08:39 AM (IST)

गुरुग्राम के नए सेक्टरों में सड़क नेटवर्क मजबूत करने के लिए 24 मीटर चौड़ी सड़कों के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हुई है।

सड़क का चौड़ीकरण।

सड़क का चौड़ीकरण।

HighLights

  1. गुरुग्राम के नए सेक्टरों में सड़क नेटवर्क मजबूत होगा।

  2. 24 मीटर चौड़ी सड़कों के लिए 10.61 एकड़ जमीन अधिग्रहित होगी।

  3. सामाजिक प्रभाव आकलन प्रक्रिया एचएसआइआइडीसी द्वारा शुरू।

संवाद सहयोगी, नया गुरुग्राम। तेजी से विकसित हो रहे गुरुग्राम के नए सेक्टरों में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने और 24 मीटर चौड़ी सड़कों के निर्माण में आ रही अड़चनों को दूर करने की दिशा में प्रदेश सरकार ने कदम बढ़ाया है।

सेक्टर-81 से 86 और सेक्टर-104 में प्रस्तावित 24 मीटर चौड़ी सड़कों के लिए करीब 10.61 एकड़ जमीन अधिग्रहित करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। सरकार ने फिलहाल सामाजिक प्रभाव आकलन (एसआइए) की प्रक्रिया शुरू की है।

शहरी संपदा विभाग की ओर से 30 सितंबर को जारी अधिसूचना के मुताबिक, गुरुग्राम-मानेसर शहरी परिसर में प्रस्तावित 24 मीटर चौड़ी सड़कों के निर्माण के लिए संबंधित जमीन की आवश्यकता है या भविष्य में पड़ सकती है।

प्रक्रिया शुरू की गई

इसी आधार पर भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास और पुनर्स्थापन में उचित मुआवजा एवं पारदर्शिता के अधिकार अधिनियम, 2013 की धारा 4(1) के तहत प्रक्रिया शुरू की गई है।

सरकार ने हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं आधारभूत संरचना विकास निगम (एचएसआइआइडीसी) को सामाजिक प्रभाव आकलन इकाई नियुक्त किया है।

निगम प्रस्तावित अधिग्रहण का सामाजिक प्रभाव अध्ययन करने के साथ सामाजिक प्रभाव प्रबंधन योजना भी तैयार करेगा। राजपत्र में अधिसूचना प्रकाशित होने के छह माह के भीतर यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

42,939 वर्ग मीटर जमीन चिन्हित

अधिसूचना के अनुसार प्रस्तावित सड़क नेटवर्क के लिए कुल 42,939.66 वर्ग मीटर यानी करीब 10.61 एकड़ जमीन चिन्हित की गई है। यह जमीन नवादा फतेहपुर, लखनौला, शिकोहपुर, सीही, बढ़ा, गुरुग्राम और धनवापुर समेत कई गांवों में स्थित है। सेक्टर-81 में नवादा फतेहपुर और लखनौला की जमीन शामिल है।

सेक्टर-82 के लिए शिकोहपुर, जबकि सेक्टर-83 और 84 के लिए सीही में कई भूखंड चिन्हित किए गए हैं। सेक्टर-85 में बढ़ा और सेक्टर-86 में नवादा फतेहपुर के कई हिस्से प्रस्तावित सड़क मार्ग में शामिल हैं।

सेक्टर-104 में भी बड़े भूखंड शामिल

सेक्टर-104 में भी कई बड़े भूखंड प्रस्तावित सड़क नेटवर्क का हिस्सा हैं। इनमें 4,794.72 वर्ग मीटर का एक भूखंड शामिल है। इसके अलावा 454.44, 2,456.83 और 4,289.28 वर्ग मीटर के भूखंड भी सूची में शामिल किए गए हैं। धनवापुर की जमीन को भी प्रस्तावित अधिग्रहण में रखा गया है।

अधिसूचना जारी होने का अर्थ जमीन का अंतिम अधिग्रहण नहीं है। अभी सामाजिक प्रभाव का आकलन किया जाएगा। इसमें जमीन मालिकों और अन्य प्रभावित लोगों पर प्रस्तावित अधिग्रहण के सामाजिक प्रभाव का अध्ययन होगा। अधिसूचना के साथ जारी भूखंडवार सूची में खेवट, खसरा नंबर, गांव और जमीन का क्षेत्रफल दर्ज किया गया है।

संपर्क बेहतर होने की उम्मीद

इसी आधार पर एचएसआइआइडीसी अध्ययन करेगा। इन सड़कों के बनने से नए सेक्टरों में आंतरिक आवागमन और आसपास के क्षेत्रों के बीच संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है। साथ ही प्रस्तावित सड़क नेटवर्क भविष्य में बढ़ते यातायात के दबाव को कम करने में भी मददगार हो सकता है।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में जाम से राहत की तैयारी, 776 करोड़ से बनेगी 4.2 KM एलिवेटेड रोड; SPR की बदलेगी तस्वीर