'अगर किसी ने बरती कोताही तो उसकी खैर नहीं...', पढ़िए गुरुग्राम नगर निगम का फरमान, अब लापरवाही पर नपेंगे अफसर
गुरुग्राम नगर निगम आयुक्त डॉ. पंकज ने अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के सख्त निर्देश दिए हैं। ...और पढ़ें

गुरुग्राम नगर निगम: शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई ( एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
निगमायुक्त ने शिकायतों के समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण समाधान के दिए निर्देश।
2018 से 2025 तक की लंबित शिकायतें एक सप्ताह में निपटाएं।
शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर अधिकारियों पर होगी कार्रवाई।
संदीप कुमार, गुरुग्राम। नगर निगम में नागरिकों की शिकायतों के निस्तारण को लेकर निगमायुक्त डॉ पंकज ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत को केवल पोर्टल पर बंद करके जिम्मेदारी से बचना स्वीकार नहीं होगा। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि शिकायतकर्ता की समस्या वास्तव में दूर हुई है। उन्होंने वर्ष 2018 से 2025 तक लंबित शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण करने के निर्देश भी दिए।
जोनवार शिकायतों की होगी निगरानी
निगमायुक्त ने सभी संयुक्त आयुक्तों को अपने-अपने जोन की शिकायतों की व्यक्तिगत रूप से समीक्षा करने को कहा है। उन्हें न केवल शिकायतों की प्रगति पर नजर रखनी होगी, बल्कि यह भी जांचना होगा कि संबंधित अधिकारी की कार्रवाई से नागरिक को राहत मिली है या नहीं।
लंबे समय से लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाने और प्रत्येक शिकायत पर अधिकारी की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए गए हैं।
सभी माध्यमों से मिलने वाली शिकायतों पर नजर
सीएम विंडो, समाधान शिविर, जनसंवाद, एसएमजीटी, सीपीग्राम और सोशल मीडिया के माध्यम से मिलने वाली शिकायतों का भी नियमित आकलन किया जाएगा। निगमायुक्त ने कहा कि किसी भी माध्यम से मिलने वाली जनशिकायत को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई के साथ समस्या के मूल कारण को दूर करना भी जरूरी है, ताकि नागरिकों को बार-बार एक ही शिकायत न करनी पड़े।
पार्षदों और आरडब्ल्यूए से करेंगे संवाद
अधिकारियों को पार्षदों, एमिनेंट सिटीजन, आरडब्ल्यूए और एनजीओ प्रतिनिधियों के साथ नियमित संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। स्थानीय लोगों से मिलने वाले सुझावों और फीडबैक के आधार पर समस्याओं की पहचान कर उनका समाधान किया जाएगा।
निगमायुक्त ने कहा कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देना और उनकी समस्याओं का संतोषजनक समाधान करना निगम प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
यह भी पढ़ें- 'माता पिता से भी बड़े हैं यीशु मसीह...', गुरुग्राम में धर्मांतरण के खेल का भंडाफोड़, 4 महिलाएं गिरफ्तार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।