विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली बाॅर्डर से पालम विहार तक सफर होगा आसान, गुरुग्राम नगर निगम ने तैयार किया मॉडल रोड का प्लान

Published: Mon, 29 Jun 2026 10:34 PM (IST)

दिल्ली-गुरुग्राम के बीच बिजवासन बार्डर से पालम विहार तक 4 किमी सड़क को 6 करोड़ रुपये से मॉडल रोड बनाया ...और पढ़ें

करीब चार किलोमीटर लंबी सड़क को मॉडल रोड बनाई जाएगी। फोटो: जागरण

 करीब चार किलोमीटर लंबी सड़क को मॉडल रोड बनाई जाएगी। फोटो: जागरण  

HighLights

  1. बिजवासन बार्डर से पालम विहार तक 4 किमी मॉडल रोड

  2. 6 करोड़ रुपये की लागत से होगा सड़क का निर्माण

  3. जर्जर सड़क, ट्रैफिक जाम से मिलेगी बड़ी राहत

जागरण संवाददाता, नया गुरुग्राम। दिल्ली और गुरुग्राम के बीच रोजाना आने-जाने वाले हजारों लोगों को जल्द ही जर्जर सड़क और ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

नगर निगम ने बिजवासन बॉर्डर से पालम विहार के राम चौक तक करीब चार किलोमीटर लंबी सड़क को मॉडल रोड के रूप में विकसित करने की योजना पर काम तेज कर दिया है।

करीब छह करोड़ रुपये की इस परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और अगले महीने के अंत तक निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।

फिलहाल सड़क की खराब स्थिति के कारण वाहन चालकों को गहरे गड्ढों, धूल और जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है। निगम अब इस पूरे मार्ग का नए सिरे से निर्माण करेगा।

सड़क को चौड़ा किया जाएगा 

सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा और इसे आधुनिक मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा, जिससे यातायात अधिक सुगम और सुरक्षित बन सके। परियोजना के तहत सड़क के दोनों ओर जल निकासी की आधुनिक व्यवस्था विकसित की जाएगी, ताकि बरसात में जलभराव की समस्या न हो।

पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ, साइकिल ट्रैक, एलईडी स्ट्रीट लाइट, स्मार्ट ट्रैफिक सिग्नल और आधुनिक रोड फर्नीचर भी लगाए जाएंगे। धूल प्रदूषण कम करने और सड़क की सुंदरता बढ़ाने के लिए दोनों ओर ग्रीन बेल्ट विकसित कर छायादार एवं औषधीय पौधे लगाए जाएंगे।

दिल्ली-गुरुग्राम कनेक्टिविटी होगी बेहतर

नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार सड़क के तैयार होने के बाद बिजवासन बॉर्डर से राम चौक तक का सफर पहले की तुलना में अधिक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक होगा।

इससे स्थानीय निवासियों के साथ-साथ दिल्ली और गुरुग्राम के बीच आवागमन करने वाले नौकरीपेशा लोगों और व्यावसायिक वाहनों को भी सीधा लाभ मिलेगा।

इस बारे में नगर निगम गुरुग्राम के कार्यकारी अभियंता प्रवीण राघव का कहना है कि बिजवासन बॉर्डर से पालम विहार के राम चौक तक सड़क को मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

यह भी पढ़ें- शंकर चौक पर यू-टर्न बदलते ही गुरुग्राम में लगा भीषण जाम, पहले ही दिन बिगड़ी ट्रैफिक व्यवस्था

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम को जल्द मिलेगी बड़ी सौगात, पीपीपी मॉडल पर चलेगा 883 बेड वाला श्री माता शीतला देवी मेडिकल कॉलेज