मिलेनियम सिटी से हीरो होंडा चौक तक, गुरुग्राम में 2 साल के भीतर दौड़ेगी मेट्रो, रेलवे स्टेशन से जुड़ेगा कॉरिडोर
गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड ने मिलेनियम सिटी गुरुग्राम मेट्रो स्टेशन से हीरो होंडा चौक तक दो साल के भीतर मेट्रो ...और पढ़ें

गुरुग्राम में दो साल के अंदर दौड़ेगी मेट्रो। फोटो: आर्काइव
HighLights
दो साल में हीरो होंडा चौक तक मेट्रो संचालन का लक्ष्य
28.5 किमी लंबा कॉरिडोर चार साल में होगा पूरा
ट्रैफिक और प्रदूषण कम करने में मिलेगी मदद
आदित्य राज, गुरुग्राम। दो साल के भीतर मिलेनियम सिटी गुरुग्राम मेट्रो स्टेशन से लेकर हीरो होंडा चौक के नजदीक तक हर हाल में मेट्रो दौड़ाने का लक्ष्य गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) ने रखा है।
इसे ध्यान में रखकर हीरो होंडा चौक के नजदीक डिपो बनाने के लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रक्रिया पूरी होते ही जमीनी स्तर पर तेजी से काम शुरू कर दिया जाएगा ताकि कॉरिडोर विकसित होते ही मेट्रो का संचालन शुरू हो सके।

दो फेज में पूरा होगा काम
मिलेनियम सिटी गुरुग्राम मेट्रो स्टेशन से आगे साइबर सिटी तक यानी एंबियंस माल के नजदीक रैपिड मेट्रो स्टेशन तक कॉरिडोर विकसित किया जाना है। इसे दो फेज में विकसित किया जाना है। पहले पैकेज पर काम शुरू हो चुका है।
पहला फेज मिलेनियम सिटी गुरुग्राम मेट्रो स्टेशन के आगे से लेकर बसई तक है। दूसरा फेज बसई के आगे से लेकर एंबियंस माल के नजदीक रैपिड मेट्रो स्टेशन तक है। पूरा प्रोजेक्ट चार साल के भीतर पूरा होना है।
पहला फेज 2 साल में बनेगा
इसमें से पहले फेज के मिलेनियम सिटी गुरुग्राम मेट्रो स्टेशन से लेकर हीरो होंडा चौक तक का भाग दो साल के भीतर तैयार हो सके, यह जीएमआरएल ने लक्ष्य रखा है। इस भाग में कहीं भी निर्माण के दौरान बाधा नहीं है।
इसे देखते हुए दो साल के भीतर इस भाग का न केवल निर्माण पूरा किया जाएगा बल्कि इस भाग पर मेट्रो का संचालन भी शुरू कर दिया जाएगा। मेट्रो संचालन के लिए डिपो की सुविधा आवश्यक होती है।
इसके लिए चौक के नजदीक ही जमीन की व्यवस्था कर ली गई है। टेंडर की प्रक्रिया पूरी होते ही डिपो बनाने का काम शुरू हो जाएगा। हीरो होंडा चौक तक मेट्रो का संचालन शुरू होने से जहां कई इलाकों में ट्रैफिक का दबाव कम होगा बल्कि प्रदूषण का स्तर भी कम होगा।

28.5 किमी लंबा कॉरिडोर बनेगा
- मिलेनियम सिटी गुरुग्राम मेट्रो स्टेशन के आगे से लेकर एंबियंस माल के नजदीक साइबर हब तक 28.5 किलाेमीटर लंबा कॉरिडोर विकसित किया जाना है।
- मिलेनियम सिटी सेंटर गुरुग्राम मेट्राे स्टेशन से आगे सेक्टर-45, साइबर पार्क, सेक्टर-47, सुभाष चौक, सेक्टर-48, सेक्टर-72ए, हीरो होंडा चौक, उद्योग विहार फेज-छह, सेक्टर-10, सेक्टर-37, बसई गांव, सेक्टर-9, सेक्टर-सात, सेक्टर-चार, सेक्टर-पांच, अशोक विहार, सेक्टर-तीन, बजघेड़ा रोड, पालम विहार एक्सटेंशन, पालम विहार, सेक्टर-23ए, सेक्टर-22, उद्योग विहार फेज-चार, उद्योग विहार फेज-पांच एवं साइबर सिटी में स्टेशन होगा।
- इस प्रोजेक्ट के साथ ही सेक्टर-पांच से गुड़गांव रेलवे स्टेशन तक एवं बसई के नजदीक से द्वारका एक्सप्रेसवे तक भी कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। इससे गुड़गांव रेलवे स्टेशन मेट्रो कॉरिडोर से सीधा जुड़ जाएगा।
यात्रियों को बाहर निकलना नहीं पड़ेगा। वह स्टेशन से सीधे मेट्रो की सुविधा हासिल कर सकेंगे। जीएमआरएल के निदेशक आर. सांगवा का कहना है कि हीरो होंडा चौक तक प्रोजेक्ट विकसित करने में कहीं कोई बाधा नहीं है। इस वजह से तेजी से काम चल रहा है।
