गुरुग्राम के किंगडम ऑफ ड्रीम्स में फिर लगी आग, 4 साल में चौथी घटना; बंद परिसर की सुरक्षा पर सवाल
गुरुग्राम के किंगडम ऑफ ड्रीम्स में शुक्रवार को फिर आग लग गई, जो पिछले चार साल में चौथी घटना है। ...और पढ़ें

दमकल विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं और परिसर में कूलिंग का काम किया जा रहा है।
HighLights
किंगडम ऑफ ड्रीम्स में शुक्रवार को फिर आग लगने की घटना।
बंद पड़े परिसर में चार साल में यह चौथी आग है।
आग लगने के कारणों की जांच जारी, सुरक्षा पर उठे सवाल।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। सेक्टर-29 स्थित किंगडम ऑफ ड्रीम्स (केओडी) में शुक्रवार को एक बार फिर आग लग गई। पिछले कई वर्षों से बंद पड़े केओडी परिसर में आग लगने की यह चौथी घटना है। आग की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। फिलहाल आग पर नियंत्रण पा लिया गया है। दमकल विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं और परिसर में कूलिंग का काम किया जा रहा है।
आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। बंद पड़े परिसर में बार-बार आग लगने की घटनाओं से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इससे पहले भी केओडी में आग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। मार्च 2025 में लगी आग में परिसर के एक हिस्से को काफी नुकसान हुआ था। इसके बाद भी यहां आग लगने की घटना सामने आई थी।
किंगडम ऑफ ड्रीम्स को वर्ष 2022 में बंद कर दिया गया था। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने बकाया राशि के मामले में कार्रवाई करते हुए परिसर को सील किया था। इसके बाद से यह परिसर लंबे समय से बंद पड़ा है।
शुक्रवार को आग लगने के बाद आसपास के लोगों में भी हलचल मच गई। अग्निशमन विभाग की टीम आग के कारणों का पता लगाने के साथ यह भी जांच कर रही है कि परिसर में आग कैसे लगी। शुरुआती तौर पर आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हैं। दमकल विभाग की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
