विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम-नूंह में बिजली वितरण पर सुनवाई पूरी, अब HERC के पाले में फैसला

Published: Thu, 03 Sep 2026 10:27 PM (IST)

गुरुग्राम और नूंह में निजी बिजली वितरण के लाइसेंस पर एचईआरसी में सुनवाई पूरी हो गई है। हरियाणा सरकार के ...और पढ़ें

गुरुग्राम नूंह बिजली वितरण: एचईआरसी में सुनवाई पूरी। प्रतीकात्मक तस्वीर

गुरुग्राम नूंह बिजली वितरण: एचईआरसी में सुनवाई पूरी। प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. गुरुग्राम-नूंह निजी बिजली वितरण पर एचईआरसी में सुनवाई पूरी

  2. हरियाणा सरकार समानांतर बिजली लाइसेंस का कर रही विरोध

  3. एचईआरसी 15 सितंबर के बाद सुनाएगा अंतिम फैसला

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। गुरुग्राम और नूंह में सरकारी बिजली वितरण व्यवस्था के समानांतर निजी कंपनी को लाइसेंस देने का मामला अब फैसले की दहलीज पर पहुंच गया है।

हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग (एचईआरसी) ने इलेवन पावर प्राइवेट लिमिटेड की याचिका पर वीरवार को सुनवाई पूरी कर ली है। आयोग ने संबंधित पक्षों को 15 सितंबर तक लिखित प्रस्तुतियां दाखिल करने का समय दिया है। इसके बाद आयोग किसी भी समय अपना आदेश जारी कर सकता है।

ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि हरियाणा सरकार के स्पष्ट विरोध के बावजूद इन दोनों जिलों में निजी बिजली वितरण का रास्ता खुलेगा अथवा बंद ही रहेगा। हरियाणा सरकार समानांतर लाइसेंस देने के विरोध में पहले ही अपना रुख स्पष्ट कर चुकी है।

ऊर्जा मंत्री अनिल विज विधानसभा में कह चुके हैं कि सरकार गुरुग्राम और नूंह में समानांतर बिजली वितरण लाइसेंस देने के पक्ष में नहीं है। सरकार ने एचईआरसी के समक्ष भी अपनी आपत्तियां दर्ज कराई हैं और जरूरत पड़ने पर अदालत जाने की बात कही है।

अनिल विज ने सदन में यह भी बताया था कि यह आवेदन सीधे एचईआरसी के समक्ष आया था और आयोग ही इस पर निर्णय लेने के लिए अधिकृत नियामक संस्था है। मामला तब और महत्वपूर्ण हो गया था, जब एचईआरसी की ओर से गठित तीन सदस्यीय विशेषज्ञ समिति ने समानांतर बिजली वितरण की अनुमति देने की सिफारिश कर दी थी। सरकार ने समिति की रिपोर्ट को स्वीकार करने की बजाय उसके प्रत्येक बिंदु पर आपत्ति जताई है।

बिजली मंत्री अनिल विज ने विद्युत विनियामक आयोग से विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट को सार्वजनिक करने की भी मांग की है, ताकि सभी संबंधित पक्ष उसके निष्कर्षों पर अपनी राय दे सकें। मौजूदा व्यवस्था में गुरुग्राम और नूंह में बिजली वितरण की जिम्मेदारी दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के पास है। प्रस्ताव को बिजली कर्मचारियों और इंजीनियर संगठनों के विरोध का सामना करना पड़ रहा है।