विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में 20 किमी तक बस के आगे लटका रहा बुजुर्ग, पहिये के नीचे आने से मौत; ड्राइवर-कंडक्टर पर केस

Published: Fri, 20 Nov 2026 10:04 PM (IST)

मानेसर बस स्टैंड पर बस चालक से विवाद के बाद एक बुजुर्ग बस के पायदान पर लटक गए। चालक ने बस को 20 किमी तक दौड़ाया, जिससे बुजुर्ग की गिरकर पहियों के नीचे आने से मौत हो गई।

गुरुग्राम में बुजुर्ग को बस के आगे लटकाकर 20 किलाेमीटर तक गया ड्राइवर। पहिये के नीचे आकर बुजुर्ग की मौत हो गई।

गुरुग्राम में बुजुर्ग को बस के आगे लटकाकर 20 किलाेमीटर तक गया ड्राइवर। पहिये के नीचे आकर बुजुर्ग की मौत हो गई।

HighLights

  1. मानेसर बस स्टैंड पर बुजुर्ग की बस चालक से कहासुनी हुई।

  2. बुजुर्ग बस के आगे लटके रहे, चालक ने 20 किमी तक बस चलाई।

  3. मोड़ पर गिरने से बुजुर्ग की बस के पहियों तले कुचलकर मौत।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। मानेसर बस स्टैंड पर बस चालक से हुई कहासुनी एक बुजुर्ग की जान पर भारी पड़ गई। चालक ने बस के अगले हिस्से में शीशा साफ करने के लिए बने पायदान पर लटके बुजुर्ग को देखकर भी वाहन नहीं रोका और करीब 20 किलोमीटर तक बस दौड़ाता रहा।

इस दौरान बुजुर्ग का बेटा अपनी कार से बस का पीछा कर पिता को बचाने की कोशिश करता रहा, लेकिन चालक ने उसकी कार को भी टक्कर मार दी।

आखिरकार कापड़ीवास बॉर्डर के पास मोड़ पर झटका लगने से बुजुर्ग बस से नीचे गिर गए और पहियों के नीचे आने से उनकी मौत हो गई।

बस स्टैंड पर चालक से हुई कहासुनी

मानेसर गांव निवासी तनुष कुमार यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे उनके पिता कृष्ण कुमार घर से मानेसर बस स्टैंड के लिए निकले थे।

कुछ देर बाद पिता ने उनकी मां गीता देवी को फोन कर बताया कि बस स्टैंड पर एक बस चालक से उनकी कहासुनी हो रही है। जानकारी मिलते ही तनुष मौके पर पहुंचे।

वहां राजस्थान नंबर की बस खड़ी थी और चालक व परिचालक उनके पिता से बहस कर रहे थे।

बेटे को देखकर चालक ने दौड़ा दी बस

तनुष के अनुसार, उन्हें अपनी ओर आता देखकर चालक ने अचानक बस तेज रफ्तार से भगा दी। इसी दौरान कृष्ण कुमार बस के अगले हिस्से में लगे पायदान पर लटक गए।

उन्होंने और उनके बेटे ने चालक को बस रोकने के लिए आवाज लगाई, लेकिन उसने वाहन नहीं रोका। पिता की जान खतरे में देखकर तनुष ने अपनी कार से बस का पीछा किया और आगे कार लगाकर उसे रोकने का प्रयास किया।

आरोप है कि चालक ने कार को टक्कर मार दी और बस दौड़ाता रहा।

मोड़ पर झटका लगने से बस के नीचे गिरे

बस करीब 20 किलोमीटर दूर कापड़ीवास बॉर्डर के पास पहुंची। यहां एक मोड़ पर चालक ने तेज गति से बस घुमाई तो लगे झटके से कृष्ण कुमार का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिरकर बस के पहियों के नीचे आ गए।

तनुष उन्हें लहूलुहान हालत में फोर्टिस अस्पताल, मानेसर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मानेसर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर बस चालक और परिचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट में देरी से बढ़ा 3,445 करोड़ का बोझ, 10,266 करोड़ पहुंची लागत; जाम से जूझ रहा शहर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।