विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रोड स्वीपिंग मशीन घोटाले में गिरी गाज, गुरुग्राम नगर निगम के XEN सस्पेंड; 2 एजेंसियों पर भी होगा एक्शन

Published: Thu, 05 Nov 2026 12:12 AM (IST)

नगर निगम गुरुग्राम के कार्यकारी अभियंता सुंदर श्योराण को रोड स्वीपिंग मशीनों के संचालन और रखरखाव में अनियमितताओं के कारण निलंबित कर दिया गया है।

गुरुग्राम नगर निगम के एक्सईएन सस्पेंड। फोटो: आर्काइव

गुरुग्राम नगर निगम के एक्सईएन सस्पेंड। फोटो: आर्काइव

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम में कार्यकारी अभियंता सुंदर श्योराण को निलंबित कर दिया गया है। शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव की ओर से बुधवार शाम को चंडीगढ़ से निलंबन के आदेश जारी किए गए।

निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय शहरी स्थानीय निकाय निदेशालय, पंचकूला रहेगा।

जांच के बाद अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश

रोड स्वीपिंग मशीनों के संचालन और रखरखाव में गड़बड़ियों की जांच के बाद निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कार्यकारी अभियंता के विरुद्ध हरियाणा सिविल सेवा (दंड एवं अपील) नियम, 2016 के नियम-7 के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश की थी।

इसके लिए चार्जशीट जारी करने का प्रस्ताव भेजा गया था। मामला छह-छह महीने के दो अनुबंधों से जुड़ा है। इनमें 20 मशीनों के लिए 26 सितंबर और पांच मशीनों के लिए 12 अगस्त 2026 को कार्यादेश जारी किए गए थे।

मशीनों के हस्तांतरण और सत्यापन पर सवाल

अतिरिक्त निगमायुक्त यश जलुका ने 27 अक्टूबर को मामले की जांच कर 28 अक्टूबर को रिपोर्ट सौंपी थी। जांच में पूर्व एजेंसी जेके कांट्रैक्टर से मरम्मत लागत की वसूली और जुर्माना लगाने के पर्याप्त प्रमाण नहीं मिले।

वहीं, नई एजेंसी राधा कृष्ण कोऑपरेटिव एलएंडसी सोसायटी लिमिटेड ने दो अक्टूबर को ईमेल के माध्यम से सभी मशीनों के चालू हालत में होने की जानकारी दी थी। हालांकि, जांच में मशीनों के हस्तांतरण, निरीक्षण और सत्यापन की प्रक्रिया पर सवाल उठे।

दोनों एजेंसियों पर भी होगी कार्रवाई

निगमायुक्त ने दोनों अतिरिक्त निगमायुक्तों को अपने-अपने क्लस्टर की डिफाल्टिंग एजेंसियों के विरुद्ध अनुबंध की शर्तों के अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

मशीनें निर्धारित रूट पर चलीं या नहीं और सफाई के लक्ष्य पूरे हुए या नहीं, इसकी जांच जीपीएस रिकॉर्ड, लॉगबुक और फील्ड रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में स्टिल्ट प्लस चार मंजिल निर्माण पर रोक के संकेत, एफएआर खरीद पर हाईकोर्ट सख्त

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।