ऑपरेशन के बाद पेट से निकला गाउन-तौलिया, गुरुग्राम में महिला की मौत के बाद जांच के घेरे में 5 सदस्यीय मेडिकल टीम
गुरुग्राम के ईएसआईसी अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान महिला के गर्भाशय में गाउन और तौलिया छूटने से उसकी मौत हो गई।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड।
HighLights
ऑपरेशन के बाद महिला के गर्भाशय में गाउन-तौलिया छूटा।
गुरुग्राम के ईएसआईसी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हुई।
स्वास्थ्य विभाग ने पांच सदस्यीय मेडिकल टीम की जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम सेक्टर-9 स्थित ईएसआइसी अस्पताल में उपचार के दौरान महिला के गर्भाशय में गाउन और तौलिया छूटने के मामले का स्वास्थ्य विभाग ने संज्ञान लिया है। सीएमओ कार्यालय की ओर से जांच शुरू कर दी गई है। आपरेशन के दौरान मौजूद गायनी डाक्टर समेत पांच सदस्यीय मेडिकल टीम जांच के घेरे में है।
पोस्टमार्टम करने वाले पैनल की रिपोर्ट के बाद विभाग की टीम उपचार शुरू होने से लेकर आपरेशन और बाद की चिकित्सकीय प्रक्रिया तक की पड़ताल करेगी। पोस्टमार्टम के दौरान गर्भाशय से गाउन और तौलिया मिलने के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, स्वास्थ्य विभाग की ओर से उस समय आपरेशन में शामिल मेडिकल टीम के सदस्यों से पूछताछ की जाएगी। प्रक्रिया किस तरह पूरी की गई और उपचार के निर्धारित प्रोटोकाल और लापरवाही कैसे हुई, इसकी जांच की जाएगी।
साथ ही महिला की लगातार बिगड़ती हालत और रक्तस्राव नियंत्रित करने के लिए किए गए प्रयासों की भी समीक्षा होगी। जांच पूरी होने के बाद जिम्मेदारी तय की जाएगी।
शव का अंतिम संस्कार, बयान दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई
उधर, महिला के स्वजन ने मंगलवार को मंजू के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस के अनुसार, परिवार की ओर से अभी तक लिखित शिकायत नहीं दी गई है। स्वजन के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। शिकायत और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर एफआइआर दर्ज की जाएगी।
शीतला कालोनी निवासी मनोज कुमार की पत्नी मंजू पांच माह की गर्भवती थीं। गर्भस्थ शिशु की मौत के बाद शनिवार को उन्हें ईएसआइसी अस्पताल लाया गया था।
उपचार के दौरान उनकी हालत बिगड़ने पर रविवार को पार्क अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनकी मौत हो गई। सोमवार को मेडिकल बोर्ड ने पोस्टमार्टम किया तो गर्भाशय से खून से सना हरे रंग का गाउन और तौलिया मिला था।
सवालों के घेरे में ईएसआइसी अस्पताल प्रबंधन का रवैया
इस अति गंभीर लापरवाही के मामले में ईएसआइसी अस्पताल प्रबंधन का रवैया भी सवालों के घेरे में है। मंगलवार तक अस्पताल की ओर से आंतरिक जांच शुरू किए जाने की जानकारी सामने नहीं आई। सूत्रों के अनुसार, अस्पताल के कुछ जिम्मेदार अधिकारी घटना को सामान्य मानकर चल रहे हैं।
दैनिक जागरण ने ईएसआइसी अस्पताल की चिकित्सा अधिकारी डॉ. ऊषा से पक्ष जानने के लिए संपर्क किया, लेकिन उन्होंने जवाब देने से इंकार कर दिया।
अति गंभीर मामले का संज्ञान लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल पोस्टमार्टम करने वाले पैनल में शामिल डाक्टरों की रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के तथ्यों के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। जिसमें विभाग अस्पताल में उपचार शुरू होने से लेकर आपरेशन और बाद की चिकित्सकीय प्रक्रिया तक की पड़ताल करेगा।
-डॉ. वीरेंद्र बसवाना, सीएमओ, गुरुग्राम
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।