गुरुग्राम में दौड़ेंगी हाईटेक इलेक्ट्रिक बसें, हर सीट पर SOS बटन और हेड काउंट कैमरे
गुरुग्राम में जल्द ही इलेक्ट्रिक सिटी बसें चलेंगी, जिनमें टिकटों की गड़बड़ी रोकने के लिए प्रवेश-निकास पर हेड काउंट कैमरे ...और पढ़ें
-1792414089322_m.webp)
प्रवेश और निकास पर लगे खास हेड काउंट कैमरे (Edited by AI)
HighLights
प्रवेश-निकास पर हेड काउंट कैमरे, रोकेगा टिकट गड़बड़ी।
हर सीट पर एसओएस बटन, दिव्यांगों के लिए लिफ्ट।
एक चार्ज में 150 किमी, 40 बसें जल्द मिलेंगी।
संदीप रतन, गुरुग्राम। जल्द ही साइबर सिटी की सड़कों पर इलेक्ट्रिक सिटी बसें दौड़ती हुई नजर आएंगी। गुरुग्राम मेट्रोपालिटन सिटी बस लिमिटेड (जीएमसीबीएल) ने पांच इलेक्ट्रक बसों के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया तेज कर दी है।
खास बात यह है कि इन बसों में टिकटों की गड़बड़ी रोकने और यात्रियों की सही संख्या का पता लगाने के लिए प्रवेश और निकास द्वार पर खास हेड काउंट कैमरे लगाए गए हैं। इसी महीने गुरुग्राम को कुल 40 बसें मिलने की उम्मीद है।
150 किमी तक चल सकेंगी ये बसें
खास बात यह है कि एक बार पूरी तरह चार्ज होने पर ये बसें करीब 150 किलोमीटर तक चल सकेंगी। बसों के संचालन के लिए गुरुग्राम महानगर सिटी बस लिमिटेड (जीएमसीबीएल) की ओर से रूट भी तैयार कर लिए गए हैं। जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इन्हें निर्धारित रूटों पर उतारा जाएगा। इससे यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन का एक नया विकल्प मिलेगा और प्रदूषण भी नहीं होगा।
जीएमसीबीएल ने इलेक्ट्रिक बसों के लिए गुरुग्राम से दिल्ली, गुरुग्राम से वल्लभगढ़ और मानेसर से द्वारका सहित बीस से ज्यादा रूट तैयार किए हैं। जीएमसीबीएल के असिस्टेंट मैनेजर गजेंद्र यादव के अनुसार, इलेक्ट्रिक बसों के रूट तैयार कर लिए गए हैं। बसों के रजिस्ट्रेशन समेत जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद इनका संचालन शुरू किया जाएगा।
18 चार्जिंग प्वाइंट, एक साथ चार्ज होंगी 36 बसें
इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए सेक्टर-10 बस डिपो में चार्जिंग की व्यवस्था तैयार हो चुकी है। यहां कुल 18 चार्जिंग प्वाइंट बनाए गए हैं, जिनमें से 16 तैयार हो चुके हैं। इन प्वाइंट के माध्यम से एक साथ 36 बसों को चार्ज किया जा सकेगा।
सामान्य चार्जिंग मोड में बस को चार्ज होने में करीब दो घंटे लगेंगे, जबकि फास्ट चार्जिंग मोड में यह समय लगभग एक घंटे रहेगा। सेक्टर-48 में भी इलेक्ट्रिक बसों के लिए डिपो तैयार किया गया है।
40 इलेक्ट्रिक बसें इस महीने मिलने की उम्मीद
18 चार्जिंग प्वाइंट बनाए गए
36 बसें एक साथ चार्ज हो सकेगी
26 यात्रियों के बैठने की सुविधा
9 मीटर बस की लंबाई
26 यात्रियों के बैठने की सुविधा
नई इलेक्ट्रिक बसों में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। प्रत्येक बस में 26 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है। हर सीट पर एसओएस (पैनिक) बटन दिया गया है, जिसे दबाने पर जीएमसीबीएल के अधिकारियों तक अलर्ट पहुंच सकेगा।
इससे आपात स्थिति में यात्री तुरंत सहायता मांग सकेंगे। व्हीलचेयर लिफ्ट की सुविधा भी दी गई है, जिससे दिव्यांग यात्रियों को बस में चढ़ने और उतरने में आसानी होगी।
खिड़की खुली रही तो बस नहीं चलेगी
बस के दरवाजे और खिड़कियों से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्था भी रखी गई है। खिड़की खुली होने की स्थिति में बस नहीं चल सकेगी।
इलेक्ट्रिक बस की लंबाई नौ मीटर है। पहले से शहर में चल रही लो फ्लोर बसों की तुलना में इसका ग्राउंड क्लीयरेंस अधिक है। इससे खराब सड़कों और ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर बसों के संचालन में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
