ओखला बस डिपो में लगेंगे हाईमास्ट टावर और स्मार्ट स्ट्रीट लाइटें, इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए होगा तैयार
दिल्ली परिवहन निगम ने ओखला बस डिपो में रोशनी व्यवस्था को बेहतर बनाने पर 79.64 लाख रुपये खर्च करेगी। यहां ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड
HighLights
इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए तैयार किया जा रहा ओखला बस डिपो।
79.64 लाख रुपये खर्च करेगा डीटीसी।
16 मीटर ऊंचे होंगे सभी टावर।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली: ओखला औद्योगिक क्षेत्र स्थित बस डिपो में रोशनी की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) तीन नए हाईमास्ट टावर और 35 स्ट्रीट लाइट लगवाएगा।
इसके अलावा डिपो में 36 एलईडी फ्लड लाइटें भी लगाई जाएंगी। इस परियोजना पर करीब 79.64 लाख रुपये खर्च होगा। विभाग की तरफ से इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए हो रहा तैयार
अधिकारियों के अनुसार, ओखला बस डिपो को इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए तैयार किया जा रहा है। यहां पर इससे पहले डीटीसी की सीएनजी बसों का संचालन होता था। अब यहां से ई-बसें ही संचालित होंगी। ऐसे में डिपो का विद्युतीकरण करने का काम किया जा रहा है।
इसके तहत हाईमास्ट टावर और स्ट्रीट लाइट लगाने के साथ ही विद्युत तारों, केबल और अन्य जरूरी उपकरणों की आपूर्ति व स्थापना भी की जाएगी। इसके अलावा बसों को चार्ज करने के लिए चार्जिंग स्टेशन भी स्थापित किया जाएगा।
खुद चालू और बंद होंगी लाइटें
डिपो में लगाई जाने वाली लाइटें सूर्यास्त और सूर्योदय के समय के अनुसार स्वत: चालू और बंद होंगी। इसमें तीन हाईमास्ट टावर 16 मीटर ऊंचे होंगे। प्रत्येक टावर पर आठ से 12 फ्लड लाइटें लगाने की व्यवस्था होगी। इन टावरों में ऐसी प्रणाली भी होगी, जिसकी मदद से लाइटों को जरूरत के अनुसार ऊपर उठाने और नीचे लाने में सुविधा मिलेगी।
वहीं डिपो में लगाई जाने वाली 35 स्ट्रीट लाइटों के खंभे सात मीटर ऊंचे होंगे। इन पर 150 वाट की एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। वहीं, 36 फ्लड लाइटें 250 वाट की होंगी। परियोजना में भूमिगत केबल बिछाने और उन्हें सुरक्षित रखने के लिए पाइप लगाने का काम भी शामिल है।
