विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में अतिक्रमण बना मरीजों का दुश्मन! अस्पताल की राह में रोड़ा, कौन है जिम्मेदार? 

Published: Wed, 25 Nov 2026 11:15 PM (IST)

गुरुग्राम के जिला नागरिक अस्पताल के मुख्य गेट पर अतिक्रमण के कारण मरीजों को इलाज में बाधा आ रही है। पार्कों में अवैध खोखे, एंबुलेंस पार्किंग और सड़कों पर वाहनों की भीड़ से अव्यवस्था फैली है।      

गुरुग्राम जिला अस्पताल गेट पर अतिक्रमण से मरीजों को परेशानी ( फोटो स्रोत : जागरण )

गुरुग्राम जिला अस्पताल गेट पर अतिक्रमण से मरीजों को परेशानी ( फोटो स्रोत : जागरण )

HighLights

  1. अस्पताल गेट पर अतिक्रमण से मरीजों को इलाज में बाधा।

  2. पार्कों में अवैध खोखे, एंबुलेंस पार्किंग और वाहनों की भीड़।

  3. पीएमओ ने नगर निगम को अतिक्रमण हटाने के लिए लिखा पत्र।

वरूण त्रिवेदी, गुरुग्राम। अस्पताल में मरीज बीमारियों का इलाज कराने आते हैं। लेकिन, गुरुग्राम सेक्टर-10 स्थित जिला नागरिक अस्पताल के मुख्य गेट पर पहुंचते ही उन्हें अव्यवस्था का सामना करना पड़ता है।

यहां इलाज की राह में अतिक्रमण का ऐसा रोग फैल रहा है, जिसका उपचार करने की जिम्मेदारी जिन विभागों पर है, उनकी सक्रियता नजर नहीं आ रही।

पार्कों में बन गई है एंबुलेंस की अवैध पार्किंग

अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार के दोनों ओर बने नगर निगम के पार्कों में हरियाली और लोगों के बैठने की जगह के बजाय चाय, पान मसाला और सिगरेट के खोखे दिखाई दे रहे हैं। पार्क में निजी एंबुलेंस की अवैध पार्किंग भी बन गई है।

पार्क की जमीन पर कारोबार चल रहा है, तो सड़क और पैदल रास्ते वाहन खड़े करने के लिए इस्तेमाल हो रहे हैं। ऑटो, टेम्पो और बाइक के जमावड़े के बीच अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और तीमारदारों को रास्ता निकालना पड़ता है।

अव्यवस्था से प्रभावित हो रहे लोग

कई बार मरीजों को लेकर आने वाले वाहन भी आसपास की अव्यवस्था से प्रभावित होते हैं। अस्पताल के प्रवेश द्वार के आसपास सार्वजनिक जगहों का इस तरह इस्तेमाल व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है।

विडंबना यह भी है कि जिस अस्पताल में सांस, संक्रमण और अन्य बीमारियों से परेशान लोग उपचार के लिए पहुंचते हैं, उसके आसपास ही सिगरेट और तंबाकू उत्पादों की बिक्री होती दिखाई देती है।

स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए सार्वजिनक स्थानों पर धूम्रपान के चलते रहे स्वास्थ्य विभाग के अभियान के बीच यह तस्वीर विरोधाभास पैदा करती है।

इस संबंध में पीएमओ डॉ नीना ने कहा कि नगर निगम को पत्र लिखा गया था। अस्पताल के गेट पर फैली अव्यवस्था को जल्द दूर कराया जाएगा।

यह भी पढ़ें- हरियाणा में सर्दी का सितम, 5 जिलों में कोहरे का यलो अलर्ट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।