विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम के इन दो इलाकों में दूसरे दिन भी चला बुलडोजर, 13 अवैध कब्जे जमींदोज

Published: Wed, 09 Sep 2026 08:36 PM (GMT+05:30)Updated: Wed, 09 Sep 2026 08:37 PM (GMT+05:30)

गुरुग्राम के सुशांत लोक-1 और साउथ सिटी-1 में अवैध निर्माण व रिहायशी भवनों के व्यावसायिक इस्तेमाल के खिलाफ टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग का अभियान दूसरे दिन भी जारी रहा।

13 भवनों पर सीलिंग और तोड़फोड़ की कार्रवाई।

13 भवनों पर सीलिंग और तोड़फोड़ की कार्रवाई।

HighLights

  1. गुरुग्राम में अवैध निर्माण और व्यावसायिक उपयोग पर कार्रवाई जारी।

  2. सुशांत लोक, साउथ सिटी में बुधवार को 13 भवन सील/ध्वस्त।

  3. दो दिनों में कुल 27 इमारतों पर विभाग ने की सख्त कार्रवाई।

संवाद सहयोगी, नया गुरुग्राम। सुशांत लोक एक और साउथ सिटी एक में अवैध निर्माण और रिहायशी भवनों के व्यावसायिक इस्तेमाल के विरुद्ध टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग का अभियान बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रहा।

डीटीपीई एन्फोर्समेंट अमित मधोलिया के नेतृत्व में सुशांत लोक-एक के ए ब्लाक में, जबकि एटीपी दिव्या दहिया के नेतृत्व में साउथ सिटी-एक में कार्रवाई की गई।

बुधवार को दोनों कॉलोनियों में 13 भवनों पर सीलिंग और तोड़फोड़ की कार्रवाई हुई। मंगलवार की कार्रवाई मिलाकर दो दिनों में करीब 27 भवन विभाग की कार्रवाई की जद में आ चुके हैं।

स्टिल्ट पार्किंग से लेकर बेसमेंट तक कार्रवाई

सुशांत लोक-एक के ए ब्लाक में सात भवनों पर कार्रवाई की गई। मकान नंबर 563बी की स्टिल्ट पार्किंग में बने आठ कमरे, पांच शौचालय और बैठक कक्ष ध्वस्त किए गए।

मकान नंबर 569 की बेसमेंट में चल रहे समारोह भवन को सील किया गया। स्टिल्ट पार्किंग में बने कार्यालय और बैठक कक्ष तोड़े गए तथा पहली से तीसरी मंजिल तक नौ आवासीय इकाइयां सील की गईं।

भवन के पीछे बने दो शौचालय भी हटाए गए। मकान नंबर 519 को गेस्टहाउस के रूप में स्वीकृति मिली थी, लेकिन स्टिल्ट पार्किंग में वेलकम रूम, रसोई, भोजन कक्ष, कार्यालय और गोडाउन बनाए गए थे। इन सभी को ध्वस्त कर दिया गया।

मकान नंबर 511 में दूसरी मंजिल पर अनधिकृत छत और दुकान संचालित मिली। पीछे प्लाट नंबर 529 की बेसमेंट को भी इससे जोड़कर इस्तेमाल किया जा रहा था।

यहां टाइल-पत्थर का काम चल रहा था, जिसे सील किया गया। दुकान भी सील कर दी गई। मकान नंबर 379ए में ‘हाउसर’ के नाम से स्टिल्ट पार्किंग में बने भोजन कक्ष, रसोई, स्वागत कक्ष, बैठक स्थल और चार कमरों को तोड़ा गया।

पहली से चौथी मंजिल तक कुल 52 कमरे सील किए गए। मकान नंबर 283ए और 282ए को जोड़कर गेस्ट हाउस के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। दोनों भवनों के 36 कमरे सील किए गए।

साउथ सिटी-एक में होटल और पीजी पर कार्रवाई

साउथ सिटी-एक के बी ब्लाक में भी रिहायशी भवनों के व्यावसायिक इस्तेमाल पर विभाग ने कार्रवाई की। मकान नंबर बी-2 में संचालित 20 कमरों वाले होटल को सील किया गया।

बी-79 में स्टिल्ट सहित चार मंजिलों और छत पर अतिथि गृह व पीजी के रूप में इस्तेमाल किए जा रहे 32 कमरे सील किए गए। बी-80 में इसी तरह 39 कमरों को सील किया गया।

मकान नंबर बी-11 में संचालित 27 कमरों वाले अतिथि गृह को सील करने के साथ स्टिल्ट पार्किंग में बने अनधिकृत कार्यालय को ध्वस्त किया गया।

बी-23 में तीन घरेलू सहायक कक्ष, शौचालय और दो अवकाश कक्ष सील किए गए, जबकि अनधिकृत सुरक्षा कक्ष तोड़ा गया। बी-21 में बढ़ाए गए प्रवेश कक्ष को ध्वस्त और अनधिकृत घरेलू सहायक कक्षों को सील किया गया।

लाइसेंस कॉलोनियों में स्वीकृत भवन योजना और निर्धारित उपयोग के विपरीत किए गए निर्माण व व्यावसायिक गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी। सर्वे में सामने आने वाले मामलों में नियमानुसार सीलिंग और तोड़फोड़ की लगातार कार्रवाई जारी हैं। दों दिनों में सुशांत लोक एक ब्लाक ए और साउथ सिटी एक में लगभग 27 इमारतों पर कार्रवाई की गयी हैं।
-अमित मधोलिया, डीटीपीई एन्फोर्समेंट, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग