गुरुग्राम में चल रहा था धर्मांतरण का खेल..,.निशाने पर रहते थे गरीब बच्चे, अब सलाखों के पीछे आरोपी
गुरुग्राम पुलिस ने घाटा गांव में एक निजी पाठशाला की आड़ में चल रहे मतांतरण रैकेट का भंडाफोड़ किया है। ...और पढ़ें

पाठशाला की आड़ में धर्मांतरण का खेल (एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
गुरुग्राम पुलिस ने मतांतरण रैकेट का पर्दाफाश किया।
निजी पाठशाला की आड़ में बच्चों को निशाना बनाया गया।
चार शिक्षित महिलाएं गिरफ्तार, ईसाई दंपती की तलाश जारी।
विनय त्रिवेदी, गुरुग्राम। गुरुग्राम पुलिस ने गांव घाटा में निजी पाठशाला की आड़ में चल रहे मतांतरण के खेल का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में चार महिलाओं को गिरफ्तार किया।
इनमें दो महिलाएं निजी कंपनियों में अच्छे पदों पर कार्यरत हैं। पुलिस का दावा है कि ये महिलाएं पिछले एक साल से हर शनिवार को दिल्ली से गुरुग्राम आकर घाटा गांव की झुग्गियों में बच्चों को पढ़ाने के बहाने ईसाई धर्म के लिए मतांतरण का खेल खेल रही थीं।
निशाने पर थे गरीब बच्चे
पुलिस को शिकायत मिली थी कि गांव घाटा में एसपीआर रोड स्थित सर्विस स्टेशन के नजदीक बनी झुग्गी-झोपड़ियों एवं कच्चे कमरों में गरीब परिवारों के छोटे बच्चों के लिए निजी पाठशाला संचालित की जा रही है।
बच्चों को खाने-पीने की वस्तुएं एवं अन्य जरूरी सामान दिया जा रहा है। इसी बहाने उन्हें धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। शिकायत पर सेक्टर-56 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखपाल के नेतृत्व में रेड की। मौके पर चार महिलाएं मिलीं, जिन्हें पकड़ लिया गया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पाठशाला में आने वाले बच्चों को किताबों, खाने-पीने की चीजों और जरूरी सामान का लालच दिया जाता था। धीरे-धीरे उन्हें प्रार्थना और धार्मिक गतिविधियों के जरिए ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जाता था।
गरीब परिवारों के बच्चे ही इनके निशाने पर थे, ताकि उन्हें आसानी से प्रभावित किया जा सके। इसके माध्यम से आगे चलकर बड़ों को झांसे में लिया जा सके।
पढ़ी-लिखी महिलाएं, सोची-समझी साजिश
एसीपी सदर कपिल अहलावत ने बताया कि गिरफ्तार महिलाओं की पहचान दिल्ली के आजादपुर निवासी सुमन, मणिपुर के विष्णुपुर निवासी राजकुमारी चाओबा, नेपाल निवासी अशमिता चाहार और मिजोरम के आइजोल निवासी ललनपुई के रूप में की गई।
राजकुमारी चाओबा इस समय गुरुग्राम के सेक्टर 86, अशमिता चाहार दिल्ली के कोटला और ललनपुई दिल्ली के द्वारका में रह रही थी। पूछताछ में पता चला कि ललनपुई एक निजी कंपनी में एचआर है। अशमिता चाहार एक अस्पताल में कैंसर मरीजों के लिए स्वयं सेवक के रूप कार्य करती है।
राजकुमारी चाओबा एक निजी कंपनी में लीड एनालिस्ट के पद पर कार्यरत है। सुमन ने पिछले वर्ष ही ग्रेजुएशन की है और अभी बीएड के लिए तैयारी करती है। पुलिस का मानना है कि पढ़ी-लिखी महिलाओं का इस्तेमाल इसलिए किया जा रहा था, ताकि कोई उन पर शक न करे और पाठशाला को सामाजिक कार्य समझा जाए।
ईसाई दंपती की तलाश जारी
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस पूरे गिरोह के पीछे एक ईसाई दंपती है, जो इन महिलाओं को निर्देश दे रहा था। पुलिस अब उस दंपती की तलाश कर रही है।
पुलिस का कहना है कि दंपती के पकड़े जाने के बाद ही पता चलेगा कि इस मतांतरण के खेल में और कितने लोग शामिल हैं और अब तक कितने बच्चों को निशाना बनाया गया है।
पुलिस ने चारों महिलाओं के खिलाफ हरियाणा मतांतरण निवारण अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। बरामद मोबाइल और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में छठ महापर्व की धूम, घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब; व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।