गुरुग्राम में छठ महापर्व की धूम, घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब; व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य
गुरुग्राम में छठ महापर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया, जहां व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
-1794755379226_m.webp)
छठ महापर्व पर डूबते सूर्य को अर्घ्य देते व्रती। फोटो-संजय कुमार
HighLights
व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर सुख-समृद्धि मांगी।
शहर के विभिन्न घाटों पर भक्तिमय माहौल में छठ पूजा हुई।
छठ महापर्व सामाजिक समरसता और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक बना।
संवाद सहयोगी, गुरुग्राम। साइबर सिटी में रविवार को लोक आस्था का महापर्व छठ श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। शहर के विभिन्न छठ घाटों पर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
शाम होते ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। छठ मैया के पारंपरिक गीतों और भक्ति संगीत से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।
कृत्रिम घाट पर पहुंचे हजारों श्रद्धालु
शीतला माता मंदिर की पार्किंग में बनाए गए कृत्रिम घाट पर हजारों श्रद्धालुओं ने पूजा की। यहां पाटलिपुत्र सांस्कृतिक चेतना समिति की ओर से छठ पूजा का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि विधायक मुकेश शर्मा ने श्रद्धालुओं को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छठ महापर्व अटूट आस्था और विश्वास का प्रतीक है।
-1794755489030.webp)
इस तरह के आयोजन हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ लोगों को आपस में जोड़ने का काम करते हैं। समिति के अध्यक्ष श्रीप्रकाश राय, अजय सिंह, अरविंद राय, वसंत शर्मा, रमेश गुप्ता, संजीव शर्मा, उपेंद्र और अवधेश सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने आयोजन में सहयोग दिया।
सामाजिक समरसता की मिसाल
कादीपुर कम्युनिटी सेंटर में आयोजित छठ पूजा समारोह में विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री डा. सुरेंद्र जैन मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सामाजिक समरसता की बेहतरीन मिसाल है।
-1794755582728.webp)
सूर्य और जल की उपासना के माध्यम से यह पर्व प्रकृति के प्रति सम्मान का संदेश देता है। हर व्यक्ति को इससे प्रेरणा लेनी चाहिए।
पूरे देश का महापर्व बन चुका छठ
हरियाणा प्रांत संघचालक प्रताप सिंह ने कहा कि छठ पर्व पहले पूर्वांचल तक सीमित माना जाता था, लेकिन आज यह पूरे देश का महापर्व बन चुका है। देश के कोने-कोने में छठ मैया की पूजा हो रही है। केनविन फाउंडेशन के सह संस्थापक नवीन गोयल ने कहा कि पूर्वांचल के लोगों ने गुरुग्राम के विकास में महती भूमिका निभाई है।

उनके योगदान से शहर की सांस्कृतिक विविधता भी समृद्ध हुई है। कार्यक्रम में यशवंत शेखावत, प्रदीप कौशिक, प्रदीप कौशिक, जय जय राम सिंह, डा. रवि रंजन, पंडित गोपाल कौशिक, साकेत धंधानिया, सीनियर डिप्टी मेयर धर्मवीर भंगरोला, महावीर यादव, अवनीश राघव और राजकुमार सहित गणमान्य लोग मौजूद रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आोयजन
इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिसमें बक्सर के अशोक मिश्रा, बलिया की अंजली सिंह आर्य, बनारस के छोटू राजा और दिल्ली के आरबीएम म्यूजिकल ग्रुप ने प्रस्तुतियां दीं।
-1794755682596.webp)
शक्ति पार्क में यंगस्टार सेवा समिति छठ महापर्व धूमधाम से मनाया। बसई तालाब, छठ पूजा समिति ओम विहार धर्म कालोनी, राजेंद्रा पार्क, प्रवासी जन कल्याण संघ सरस्वती एनक्लेव, सूरतनगर, पालम विहार, छठ पूजा समिति कन्हई सेक्टर-45, सेक्टर-69 ट्यूलिप सोसायटी, लावन्या अपार्टमेंट सेक्टर-81, मारुति विहार, मारुति कुंज, रेयान एंक्लेव, वाटिका कुंज के अलावा शहर की विभिन्न सोसायटियों और कालोनियों में भी छठ पूजा की धूम रही।
घाटों पर श्रद्धालुओं ने पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।
सोसायटियों में भी मनाया गया छठ महापर्व
सेक्टर-108 स्थित शोभा सिटी में छठ महापर्व पारंपरिक श्रद्धा, उत्साह और सामुदायिक एकजुटता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न राज्यों और संस्कृतियों से जुड़े निवासियों ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना में भाग लिया। आयोजन में स्वच्छ एवं हरित उत्सव पर विशेष जोर दिया गया।
श्रद्धालुओं को प्लास्टिक और सिंगल यूज प्लास्टिक से बचने तथा स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया गया। वहीं सेक्टर 85 स्थित आरिस कार्नेशन सोसाइटी में छठ पूजा श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। सोसायटी के निवासियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।