विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम मतांतरण प्रकरण में बड़ा खुलासा, आरोपी प्रबीन ने बताया, कैसे पाठशालाओं की आड़ में बच्चों को बनाया जा रहा था निशाना

Published: Tue, 24 Nov 2026 10:55 PM (GMT+05:30)

गुरुग्राम के घाटा गांव में पाठशालाओं की आड़ में मतांतरण के प्रयास में पकड़े गए आरोपित प्रबीन ने पूछताछ में ईसाई धर्म में बच्चों को प्रेरित करने की बात स्वीकार की है। 

गुरुग्राम में मतांतरण का प्रकरण  ( फोटो स्रोत : जागरण )

गुरुग्राम में मतांतरण का प्रकरण ( फोटो स्रोत : जागरण )

HighLights

  1. आरोपित प्रबीन ने पाठशालाओं से मतांतरण का प्रयास स्वीकारा।

  2. एनजीओ की आड़ में बच्चों को ईसाई धर्म की ओर प्रेरित किया।

  3. मास्टरमाइंड दंपती फरार, उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी।

विनय त्रिवेदी, गुरुग्राम। गुरुग्राम के घाटा गांव में पाठशाला की आड़ में मतांतरण के प्रयास के मामले में पकड़े गए आरोपित प्रबीन से पूछताछ में बड़ी जानकारी सामने आई है।

सेक्टर-56 थाना पुलिस का दावा है कि तीन दिनों के रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपित ने यह स्वीकार किया कि ईसाई धर्म में बच्चों को मतांतरण के लिए प्रेरित किया जा रहा था।

एनजीओ के तहत संचालित हो रही पाठाशालाएं 

यह पाठशालाएं एनजीओ के तहत संचालित की जा रही थीं। उसने दिल्ली में कई पाठशालाओं के चलने की जानकारी दी है। हालांकि, उसने यह नहीं बताया कि अब तक कितने लोगों का मतांतरण किया जा चुका है।

इस मामले में सेक्टर-56 थाना पुलिस ने आरोपित प्रबीन को 18 नवंबर को दिल्ली से गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया था। रिमांड के दौरान पूछताछ में उसने मतांतरण के प्रयास की बात स्वीकार की।

इस तरह किया जा रहा आकर्षित

पुलिस के अनुसार, आरोपित ने बताया कि पाठशालाओं के जरिए बच्चों को धीरे-धीरे ईसाई धर्म की तरफ आकर्षित किया जाता था। उन्हें प्रार्थना, किताबें और अन्य गतिविधियों के माध्यम से प्रेरित किया जाता था।

ये पाठशालाएं एनजीओ के नाम पर चलाई जा रही थीं, ताकि किसी को शक न हो। 14 नवंबर को घाटा गांव में इस पाठशाला का पर्दाफाश किया गया था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने वहां छापा मारा था।

मौके से चार महिलाओं को गिरफ्तार किया गया था। उन चारों महिलाओं की जमानत हो चुकी है, जबकि आरोपित प्रबीन को जेल भेजा जा चुका है।

मास्टरमाइंड दंपती फरार, लुकआउट सर्कुलर जारी

मास्टरमाइंड ईसाई दंपती डॉ. पीटर मलकर और उसकी पत्नी फिलहाल फरार हैं। उनके विदेश भागने की आशंका है। इसके चलते उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर भी जारी हो चुका है। सेक्टर-56 थाना प्रभारी ने बताया कि फरार आरोपितों की तलाश जारी है।

जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दिल्ली में चल रही पाठशालाओं की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में मतांतरण का भंडाफोड़, आरोपित गिरफ्तार, पिछले 10 साल से चल रहा था धर्मांतरण का खेल 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।