गुरुग्राम: अब सफाई में लापरवाही पर अफसरों की खैर नहीं, होगी कड़ी कार्रवाई
नगर निगम गुरुग्राम ने शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय की है। लापरवाही पाए ...और पढ़ें
-1791551433331_m.webp)
कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने का फैसला।
संवाद सहयोगी, नया गुरुग्राम। गुरुग्राम की सफाई व्यवस्था को लेकर अब नगर निगम गुरुग्राम ने अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने का फैसला किया है।
किसी क्षेत्र में कचरे का ढेर मिलने या सफाई व्यवस्था खराब पाए जाने पर केवल सफाई कर्मचारियों को जिम्मेदार नहीं माना जाएगा, बल्कि संबंधित सफाई निरीक्षक, एसएसआई और संयुक्त आयुक्त स्तर तक के अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। लापरवाही सामने आने पर नियमानुसार निलंबन से लेकर बर्खास्तगी तक की कार्रवाई की जा सकती है।
सिविल लाइंस स्थित कैंप कार्यालय में निगम आयुक्त प्रदीप दहिया की अध्यक्षता में हुई स्वच्छता समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि शहर को कचरा मुक्त रखने के लिए केवल कागजी कार्रवाई पर्याप्त नहीं होगी। फील्ड में सफाई व्यवस्था की वास्तविक स्थिति पर निगरानी रखनी होगी।
शिकायत के समाधान की होगी पुष्टि
सोशल मीडिया के माध्यम से मिलने वाली सफाई संबंधी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए गए हैं। शिकायत का समाधान करने के बाद संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ता से सीधे संपर्क कर उसकी संतुष्टि की पुष्टि करेंगे। इसके लिए संतुष्टि पत्र भी लिया जाएगा।
वहीं, शिकायतों के निस्तारण की वास्तविकता जांचने के लिए निगम आयुक्त कार्यालय की एक स्वतंत्र टीम गठित की गई है। टीम शिकायतकर्ताओं को फोन कर मौके पर हुई कार्रवाई का सत्यापन करेगी और बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखेगी।
जीवीपी पर दोबारा कचरा मिला तो कार्रवाई
निगम द्वारा साफ किए गए गारबेज वन पॉइंट (जीवीपी) पर दोबारा कचरा मिलने की स्थिति में संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी। निगम आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
