गुरुग्राम की पॉश सोसायटी में तीन साल की बच्ची से यौन उत्पीड़न, दो घरेलू सहायिकाओं समेत तीन पर मुकदमा दर्ज
गुरुग्राम के सेक्टर 53 की एक पॉश सोसायटी में तीन साल की बच्ची से यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया ...और पढ़ें

थाना पुलिस ने पाॅक्सो समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। जिले में एक बार फिर शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। सेक्टर 53 थाना क्षेत्र में स्थित एक पाॅश सोसायटी में रहने वाले परिवार की तीन साल की बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न किया गया है। आरोप घर में काम करने वाली दो घरेलू सहायिकाओं और एक पुरुष सहायक पर लगा है। घटना दिसंबर से जनवरी के बीच की है। परिवार को इसकी जानकारी मिलने के बाद माता-पिता ने इसकी शिकायत सेक्टर 53 थाने में की। थाना पुलिस ने पाॅक्सो समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
परिवार की तरफ से दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि घटना में शामिल एक घरेलू सहायिका ने हाल ही में उनके घर में काम करना शुरू किया था जबकि दूसरी सहायिका पड़ोस के फ्लैट में काम करती है। आरोप है कि कुछ समय पहले दोनों महिलाएं साथी घरेलू सहायक को लेकर आईं। उसने बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न किया।
बच्ची ने मां को देर से दी जानकारी
दरअसल, बच्ची ने वारदात के कई दिनों के बाद इस घटना के बारे में मां को जानकारी दी थी। इस पर मां ने बच्ची के पिता को बताया। इसके बाद मामले की जानकारी सामने आई। पुलिस घर में काम करने वाली कुछ सहायिकाओं से इस बारे में पूछताछ कर रही है। हालांकि, आरोपित अभी फरार है। उसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
बच्ची की काउंसलिंग की जा रही
सेक्टर 53 थाने में केस दर्ज हाेने के बाद मामले की जांच के लिए बच्ची की काउंसिलिंग कराई जा रही है। बाल कल्याण समिति के पदाधिकारी बच्ची और माता-पिता की काउंसलिंग कर रहे हैं। समिति ने बताया कि बच्ची काफी छोटी है और सही से कुछ बता नहीं रही है। इस कारण जांच में दिक्कत आ रही है। हालांकि, पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्जकर जांच की जा रही है। सोसायटी के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही परिवार व आस-पास के लोगों से भी घरेलू सहायिकाओं के बारे में पूछताछ की जा रही है। पूरी जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
