विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में कैंटर ने स्कूटी सवार को मारी टक्कर, सिर के ऊपर से उतर गया पहिया; बाल-बाल बची बेटे की जान

Published: Wed, 28 Jan 2026 04:49 PM (IST)

गुरुग्राम के इफ्को चौक फ्लाईओवर पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पशुपालन विभाग के अटेंडेंट दीपक (45) की ...और पढ़ें

गुरुग्राम में कैंटर की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जागरण

गुरुग्राम में कैंटर की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जागरण

HighLights

  1. गुरुग्राम इफ्को चौक पर कैंटर की टक्कर से मौत

  2. पशुपालन विभाग के अटेंडेंट दीपक ने गंवाई जान

  3. हादसे में बेटा सुरक्षित, पुलिस चालक की तलाश में

वरुण त्रिवेदी, गुरुग्राम। गुरुग्राम में सेक्टर-29 थाना क्षेत्र अंतर्गत इफ्को चौक फ्लाईओवर पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पशुपालन विभाग में कार्यरत अटेंडेंट की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय दीपक निवासी गांव सरहौल के रूप में हुई है। हादसे के समय दीपक अपनी स्कूटी से 10 वर्षीय बेटे को स्कूल छोड़ने जा रहे थे, जिसके बाद उन्हें कार्यालय जाना था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 7:15 बजे फ्लाईओवर के ऊपर एक तेज रफ्तार कैंटर ने स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दीपक सड़क पर गिर पड़े और कैंटर का टायर उनके सिर के ऊपर से उतर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

बताया गया कि दीपक और उनका बेटा दोनों हेलमेट पहने हुए थे, लेकिन टायर सिर के ऊपर से चढ़ने के कारण हेलमेट टूट गया और जान नहीं बच सकी। गनीमत रही कि हादसे में बच्चा बाल-बाल बच गया। उसे मामूली चोटें आई हैं।

वहीं, हादसे के बाद कैंटर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर सेक्टर-29 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार चालक की तलाश कर रही है।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में रोडरेज का खौफनाक रूप, कार सवार ने शख्स पर तानी पिस्टल; पुलिसकर्मी के सामने से भागा आरोपी

अटेंडेंट के पद पर कार्यरत थे दीपक

जानकारी के मुताबिक, दीपक पशुपालन विभाग के सेक्टर-35 स्थित सीमेन बैंक में अटेंडेंट के पद पर कार्यरत थे और सुबह से दोपहर की शिफ्ट में ड्यूटी करते थे। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। दीपक के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मृतक के भाई दिनेश की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।