गुरुग्राम में पांच दिन बंद रहेंगे बैंक, राष्ट्रव्यापी हड़ताल के कारण 26 से 30 सितंबर तक सेवाएं प्रभावित
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस की 28 से 30 सितंबर तक की राष्ट्रव्यापी हड़ताल के कारण गुरुग्राम में 26 से 30 सितंबर तक लगातार पांच दिन बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी।

28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान।
HighLights
यूनाइटेड फोरम की 28-30 सितंबर तक राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल।
गुरुग्राम में 26-30 सितंबर तक लगातार पांच दिन बैंकिंग सेवाएं प्रभावित।
ग्राहकों को 25 सितंबर तक आवश्यक बैंक कार्य निपटाने की सलाह।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस की ओर से 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया गया है। हड़ताल के कारण सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों की शाखाओं में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
इसके साथ ही 26 सितंबर को चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार होने के कारण गुरुग्राम में लगातार पांच दिन, 26 से 30 सितंबर तक, नियमित शाखा सेवाएं प्रभावित रहने की संभावना है।
इसे देखते हुए अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) विनोद कुमार बजाज ने बैंक ग्राहकों से अपील की है कि वे शाखा से संबंधित अपने जरूरी काम 25 सितंबर तक पूरा कर लें। हड़ताल का असर मुख्य रूप से सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों पर पड़ने की संभावना है।
डिजिटल एवं इलेक्ट्रानिक सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की उम्मीद
निजी क्षेत्र के बैंक और सहकारी बैंक सामान्य रूप से काम कर सकते हैं। शाखाओं का कामकाज प्रभावित होने के बावजूद एटीएम, यूपीआइ, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग, नेफ्ट और आरटीजीएस जैसी डिजिटल एवं इलेक्ट्रानिक सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की उम्मीद है।
हालांकि किसी सेवा की उपलब्धता तकनीकी स्थिति और संबंधित बैंक पर निर्भर कर सकती है। उन्होंने ग्राहकों को सलाह दी कि हड़ताल से पहले आवश्यक नकद निकासी, चेक संबंधी काम, दस्तावेज जमा करने और अन्य शाखा आधारित कार्य पूरे कर लें।
खाते में पर्याप्त राशि रखने की सलाह
एलडीएम ने कहा कि ग्राहकों को ईएमआई, एसआइपी, ऋण की किस्त और अन्य नियमित भुगतानों की निर्धारित तिथि का भी ध्यान रखना चाहिए। इसके लिए खाते में पर्याप्त राशि पहले से उपलब्ध रखना बेहतर होगा, ताकि बैंक शाखाओं के कामकाज प्रभावित होने की स्थिति में भुगतान में परेशानी न आए।
