अब मानेसर से दिल्ली जाना होगा आसान, द्वारका एक्सप्रेसवे पर सिटी बस सेवा शुरू; टाइमिंग और रूट तय
द्वारका एक्सप्रेसवे पर IMT मानेसर से सेक्टर-113 बजघेड़ा तक सिटी बस सेवा शुरू हो गई है, जिसे जल्द ही द्वारका सेक्टर-21 मेट्रो स्टेशन तक बढ़ाया जाएगा।

HighLights
द्वारका एक्सप्रेसवे पर IMT मानेसर से बजघेड़ा तक बस सेवा शुरू
सेवा का विस्तार द्वारका सेक्टर-21 मेट्रो स्टेशन तक जल्द होगा
यूनाइटेड आरडब्ल्यूए फेडरेशन के प्रयासों से कनेक्टिविटी बेहतर हुई
जागरण संवाददाता, बादशाहपुर। द्वारका एक्सप्रेसवे क्षेत्र के निवासियों के लिए सार्वजनिक परिवहन की सुविधा शुरू हो गई है। IMT मानेसर से द्वारका एक्सप्रेसवे होते हुए सेक्टर-113 बजघेड़ा तक सिटी बस सेवा शुरू की गई है।
रूट को आगे द्वारका सेक्टर-21 मेट्रो स्टेशन तक बढ़ाने की तैयारी है। इसके लिए परमिट के लिए आवेदन किया जा चुका है। यूनाइटेड आरडब्ल्यूए फेडरेशन (यूआरएफ) के संस्थापक राकेश राणा बजघेड़ा ने बताया कि क्षेत्र में सिटी बस सेवा शुरू कराने के लिए फेडरेशन पिछले दो वर्षों से प्रयास कर रहा था।
लोगों को मिली दिल्ली की बेहतर कनेक्टिविटी
इस संबंध में स्थानीय सांसद व केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह के समक्ष भी मांग रखी गई थी। बस सेवा शुरू होने से IMT मानेसर, गुरुग्राम, द्वारका एक्सप्रेसवे और दिल्ली के बीच सार्वजनिक परिवहन की कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।
इससे एक्सप्रेसवे के आसपास की सोसायटियों और गांवों में रहने वाले लोगों को भी सुविधा मिलेगी। फेडरेशन की टीम ने डिपो प्रबंधक नरेश कुमार से मुलाकात कर बस सेवा शुरू करने के लिए सिटी बस विभाग का आभार जताया।
राकेश राणा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और जीएमडीए का भी आभार व्यक्त किया।
यह रहेगा समय
- IMT मानेसर से बजघेड़ा: सुबह 8:25, 8:45; 11:20, 11:40; दोपहर 2:20, 2:40; शाम 4:55 और 5:15 बजे।
- बजघेड़ा से IMT मानेसर: सुबह 9:40, 10:00; दोपहर 12:40, 1:00; 3:35, 3:55; शाम 6:35 और 6:55 बजे।
यह भी पढ़ें- द्वारका एक्सप्रेसवे पर बिजवासन टोल होगा बैरियर फ्री, गुरुग्राम से दिल्ली जाने में बचेंगे 20 मिनट
