विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'चार घंटे में बच्चे वापस आ जाएंगे', गुरुग्राम में ऑटो ड्राइवर और उसके दो बेटों का अपहरण

Published: Sun, 05 Apr 2026 12:02 PM (IST)

गुरुग्राम में एक ऑटो चालक मनोज कुमार और उसके दो बेटों, छह वर्षीय मयूर व तीन वर्षीय लक्ष्य का अपहरण ...और पढ़ें

इस मंदिर के पास से ऑटो ड्राइवर और उसके दोनों बेटों का अपहरण किया गया।  फोटो- जागरण

इस मंदिर के पास से ऑटो ड्राइवर और उसके दोनों बेटों का अपहरण किया गया। फोटो- जागरण

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम जिले में एक ऑटो ड्राइवर और उसके दो बेटों के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ऑटो ड्राइवर दो दिनों से नाथूपुर एस ब्लॉक से एक अंजान व्यक्ति को सिकंदरपुर पहाड़ी के पास सुबह-शाम हनुमान मंदिर ले जा रहा था।

शनिवार शाम ऑटो ड्राइवर अपने दो बेटों को भी उस व्यक्ति के साथ मंदिर ले गया। उसके बाद से ही तीनों का कोई पता नहीं है। ढूंढते हुए जब पत्नी मंदिर के पास पहुंची तो वहां ऑटो खड़ा मिला, लेकिन पति व बच्चे गायब थे। महिला की शिकायत पर डीएलएफ फेस एक थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

क्या है पूरा मामला?

मूल रूप से बरेली के टांडा गांव की रहने वाली पूजा ने डीएलएफ फेस एक थाना पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह आठ सालों से परिवार के साथ नाथूपुर एस ब्लाक में रह रही हैं। 27 वर्षीय पति मनोज कुमार ओला-उबर में ऑटो चलाते हैं। दो दिन पहले एक अंजान व्यक्ति मनोज कुमार से मिला। जिसने प्रतिदिन सुबह-शाम एस ब्लाक से सिकंदरपुर पहाड़ी के पास हनुमान मंदिर चलने के लिए तय किया।

गुरुवार और शुक्रवार वह मनोज के साथ ऑटो से मंदिर गया और वापस भी आया। शनिवार शाम जब व्यक्ति ने मंदिर चलने के लिए फोन किया तो मनोज अपने साथ दो बेटों छह वर्षीय मयूर और तीन वर्षीय लक्ष्य को भी साथ ले गए। पूजा ने बताया चार घंटे बाद भी जब मनोज बच्चों को लेकर वापस नहीं आए तो उन्हें चिंता हुई।

20 से ज्यादा बार फोन किया, लेकिन नहीं उठा। एक कॉल किसी व्यक्ति ने रिसीव की, जिसने कहा कि मनोज रांग साइड चला रहे थे, इसलिए उन्हें रोका गया है। पूछताछ करने पर फोन काट दिया गया। इसके बाद पूजा अपनी दीदी के साथ सिकंदरपुर पहाड़ी के पास मंदिर पहुंची। यहां मनोज का ऑटो खड़ा मिला।

मंदिर में जानकारी लेने पर पता चला कि मनोज व दोनों बेटे आए थे, इसके बाद वह कहां गए, पता नहीं। दोबारा पूजा ने फिर से मनोज को फोन किया। इस बार जब किसी ने उठाया तो उसने मनोज व बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। साथ ही कहा कि वह घर वापस चली जाएं, चार घंटे में बच्चे वापस आ जाएंगे। अगर पुलिस को शिकायत की तो नुकसान होगा।

मनोज के साथ रहने वाले किसी व्यक्ति द्वारा लाखों के नुकसान की बात

पूजा ने यह भी बताया कि अपहरणकर्ता ने फोन पर कहा कि मनोज के साथ कोई व्यक्ति रहता है, जिसकी वजह से उसे लाखों रुपये का नुकसान हुआ। जब तक वह भरपाई नहीं होगी, तब तक मनोज कैद में रहेगा। इसके बाद फोन स्विच आफ हो गया। अनहोनी की आशंका जताते हुए पूजा ने पुलिस को शिकायत दी।

रविवार सुबह तक भी बच्चे और पति वापस नहीं आए थे। इस पर महिला का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं डीएलएफ फेस एक थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है। एक टीम मामले की जांच कर रही है। मंदिर के आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की जा रही है। मनोज का फोन स्विच ऑफ है। जल्द ही मनोज और बच्चों को खोज लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में विदेशी साइबर ठगी सिंडिकेट का भंडाफोड़, रोजाना 4.8 लाख कॉल कर 20 करोड़ रुपये क्रिप्टो में भेजे

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में गलत दिशा से आई हैरियर गाड़ी ने स्कूटी को मारी टक्कर, इंजीनियरिंग छात्र समेत दो की मौत