प्रदूषण से जंग के लिए तैयार गुरुग्राम, नगर निगम खरीदेगा 16 रोड वाशर और 10 एंटी स्मॉग गन
गुरुग्राम नगर निगम ने प्रदूषण, धूल और कचरा प्रबंधन की समस्याओं से निपटने के लिए 61.10 करोड़ रुपये की योजनाओं ...और पढ़ें

गुरुग्राम नगर निगम खरीदेगा 16 रोड वाशर और 10 एंटी स्मॉग गन ( फोटो स्रोत : जागरण )
HighLights
प्रदूषण, धूल नियंत्रण हेतु 61.10 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत।
16 रोड वाशर, 10 एंटी स्माग गन की खरीद को मंजूरी।
दो मलबा प्रसंस्करण संयंत्र भी स्थापित किए जाएंगे।
संदीप कुमार, गुरुग्राम। शहर में बढ़ते प्रदूषण, सड़कों पर उड़ती धूल और कचरा प्रबंधन की समस्याओं से निपटने के लिए नगर निगम ने 61.10 करोड़ रुपये की योजनाओं को मंजूरी दी है।
मंगलवार को मेयर राजरानी मल्होत्रा की अध्यक्षता में हुई वित्त एवं संविदा समिति (एफएंडसीसी) की बैठक में 14 प्रस्तावों पर चर्चा के बाद यह स्वीकृति दी गई। इनमें सबसे अहम सड़कों की धुलाई के लिए 16 रोड वाशर और धूल नियंत्रण के लिए 10 एंटी स्माग गन की खरीद है।
धूल नियंत्रण के लिए बनी ये व्यवस्था
इसके अलावा निर्माण एवं विध्वंस मलबे के निस्तारण के लिए दो प्रसंस्करण संयंत्र स्थापित किए जाएंगे। शहर में धूल नियंत्रण के लिए दस हजार लीटर क्षमता वाले 16 ट्रक माउंटेड रोड वाशर खरीदे जाएंगे।
दो क्लस्टर में आठ-आठ मशीनों की खरीद पर कुल 8.78 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं 10 हजार लीटर क्षमता वाले वाटर स्प्रिंकलर सिस्टम से लैस 10 एंटी स्माग गन खरीदने के लिए 5.45 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। दोनों क्लस्टर में पांच-पांच मशीनें लगाई जाएंगी।
इन मशीनों से सड़कों की धुलाई और धूल को नियंत्रित करने का काम किया जाएगा। बैठक में सीनियर डिप्टी मेयर धर्मबीर भांगरोला, डिप्टी मेयर अनूप सिंह, पार्षद सुंदर सिंह और आशीष गुप्ता, निगमायुक्त डॉ पंकज, अतिरिक्त निगमायुक्त यश जालुका व चीफ इंजीनियर विजय ढाका सहित अधीक्षक अभियंता और कार्यकारी अभियंता उपस्थित रहे।
मलबे के निस्तारण के लिए दो प्लांट
निर्माण एवं विध्वंस से निकलने वाले मलबे के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए बायोडायवर्सिटी पार्क में मोबाइल सीएंडडी वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट और वजीराबाद में एक अन्य संयंत्र स्थापित किया जाएगा। दोनों परियोजनाओं पर 6.64-6.64 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यानी मलबा प्रसंस्करण की इन दोनों परियोजनाओं पर कुल 13.28 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
कचरा संग्रहण व्यवस्था के लिए भी बजट
हीरो होंडा चौक के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर सेकेंडरी कलेक्शन प्वाइंट विकसित करने के लिए 3.53 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं जोन-5 में बेरी वाला बाग के पास कचरा संग्रहण वाहनों के लिए पार्किंग और चार्जिंग स्टेशन बनाने पर 3.93 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इससे कचरा संग्रहण वाहनों के संचालन को व्यवस्थित करने की योजना है।
छह जोन के वार्डों में स्ट्रीट लाइटों का रखरखाव
बैठक में शहर के विभिन्न वार्डों में स्ट्रीट लाइटों के संचालन और रखरखाव के छह प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। इन पर करीब 26.12 करोड़ रुपये खर्च होंगे। अलग-अलग जोन के वार्डों में दो साल तक स्ट्रीट लाइटों के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी सुनिश्चित की जाएगी।
मेयर राजरानी मल्होत्रा ने कहा कि शहर की बढ़ती जरूरतों के अनुरूप स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़ी सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा। निगमायुक्त डॉ पंकज ने अधिकारियों को स्वीकृत योजनाओं का निर्धारित समय में और गुणवत्ता के साथ क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।