कूड़ा जलाने से जहरीली हो रही गुरुग्राम की हवा, 282 पहुंचा AQI; लोगों को सांस लेने में हो रही परेशानी
गुरुग्राम में वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ा हुआ है, रविवार को AQI 282 दर्ज किया गया, जिससे हवा सांस लेने लायक नहीं रही। कूड़ा जलाना इसका मुख्य कारण बताया गया है।
-1795951425673_m.webp)
गुरुग्राम में कूड़ा जलाने से उठता धुआं। फोटो- विनय त्रिवेदी
HighLights
गुरुग्राम में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है।
कूड़ा जलाना, निर्माण कार्य प्रदूषण के मुख्य कारण हैं।
बुजुर्गों और बच्चों को सांस लेने में हो रही है दिक्कत।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम में इन दिनों वायु प्रदूषण का लेवल बढ़ा हुआ है। रविवार को शहर का एक्यूआई 282 दर्ज किया गया। वायु में धूल के कण ज्यादा होने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। हवा सांस लेने लायक नहीं है।
गुरुग्राम के शहरी समेत ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार कूड़ा जलाया जा रहा है। इससे हवा में प्रदूषण बढ़ रहा है। इसके अलावा निर्माण कार्य और सड़कों पर उड़ती धूल-मिट्टी भी प्रदूषण बढ़ाने का बड़ा कारण बनी हुई है।
टेरी ग्राम में सबसे ज्याद एक्यूआई
पिछले एक सप्ताह से एक्यूआई इसी के आसपास बना हुआ है। यह कम नहीं हो रहा है। रविवार को ग्वाल पहाड़ी का एक्यूआई 284, सेक्टर-51 का 257, टेरी ग्राम का 321 और विकास सदन का 256 दर्ज किया गया। टेरी ग्राम में प्रदूषण का स्तर सबसे ज्यादा रहा।

जिला प्रशासन के प्रदूषण को कम करने के दावे हवा-हवाई साबित हो रहे हैं। कुछ एक जगहों को छोड़ दिया जाए तो शहर की ज्यादातर सड़कों पर पानी का छिड़काव नहीं हो रहा है। इससे धूल उड़कर हवा में घुल रही है और लोगों की परेशानी बढ़ रही है।
प्रदूषण बढ़ने से बच्चें और बुजुर्गों को दिक्कत
प्रदूषण बढ़ने से खासकर बुजुर्गों, बच्चों और सांस के मरीजों को ज्यादा दिक्कत हो रही है। लोगों को आंखों में जलन, गले में खराश और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत हो रही है।
डाक्टरों ने लोगों को सुबह-शाम टहलने से बचने और मास्क लगाने की सलाह दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कूड़ा जलाने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। प्रशासन को इस पर सख्ती से रोक लगानी चाहिए।
न्यूनतम तापमान 12 डिग्री, हवा चलने से सर्दी बढ़ी
रविवार का न्यूनतम तापमान 12 तो अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। हवा चलने से मौसम में सर्दी बढ़ी है। इस समय सुबह-शाम की सर्दी हो रही है।
दोपहर में धूप खिलने से राहत है। सुबह के समय हल्की ठंडी हवा चल रही है, जिससे लोगों को गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस होने लगी है। रविवार को भी दिन में धूप निकलने पर मौसम सुहावना गया, लेकिन शाम ढलते ही फिर से ठंड बढ़ गई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।