विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने में देरी पर निगमायुक्त सख्त, 6 दिसंबर तक 200 वाहन उतारने का अल्टीमेटम

Published: Mon, 23 Nov 2026 11:17 PM (IST)

गुरुग्राम में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण में देरी पर निगम आयुक्त ने एजेंसियों को कड़ी चेतावनी दी है, 6 दिसंबर तक 200 वाहन तैनात करने का लक्ष्य दिया गया है।

गुरुग्राम में कूड़ा संग्रहण व्यवस्था पर नगर निगम आयुक्त का निर्देश। फोटो-जागरण

गुरुग्राम में कूड़ा संग्रहण व्यवस्था पर नगर निगम आयुक्त का निर्देश। फोटो-जागरण

HighLights

  1. एजेंसियों को 6 दिसंबर तक 200 वाहन तैनात करने होंगे।

  2. डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण में देरी पर निगम आयुक्त नाराज।

  3. बंधवाड़ी में प्रतिदिन 12 हजार मीट्रिक टन कचरा निस्तारण लक्ष्य।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था शुरू करने में हो रही देरी पर नगर निगम आयुक्त डॉ. पंकज ने दोनों एजेंसियों को कड़ी चेतावनी दी है। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि अनुबंध के मुताबिक वाहन और संसाधन उपलब्ध नहीं कराने पर एजेंसियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

दोनों एजेंसियों को छह दिसंबर तक कम से कम 100-100 वाहन सड़कों पर उतारने और 15 दिसंबर तक अनुबंध के कुल वाहनों का कम से कम 50 प्रतिशत उपलब्ध कराने का लक्ष्य दिया गया है।

निर्धारित समय तक वाहन उपलब्ध कराने का निर्देश

सेक्टर-34 स्थित नगर निगम कार्यालय में सोमवार को हुई सफाई व्यवस्था की समीक्षा बैठक में सामने आया कि क्लस्टर-1 में दिल्ली एमएसडब्ल्यू साल्यूशन लिमिटेड को 463 वाहन उपलब्ध कराने हैं, लेकिन निर्धारित समय तक एजेंसी केवल 68 वाहन ही उपलब्ध करा पाई।

इनमें 50 वाहनों का पंजीकरण आरटीओ में लंबित बताया गया। वहीं, क्लस्टर-2 की जिम्मेदारी संभाल रही बीवीजी इंडिया लिमिटेड ने अभी तक एक भी वाहन उपलब्ध नहीं कराया है।

दोनों एजेंसियों को 14 और 18 नवंबर तक 50 प्रतिशत वाहन तैनात करने थे। लक्ष्य पूरा नहीं होने पर निगमायुक्त ने नाराजगी जताई और अतिरिक्त निगमायुक्त यश जालुका को नोडल अधिकारी नियुक्त कर एजेंसियों को आवश्यक सहयोग देने के निर्देश दिए।

वाहनों का ट्रायल शुरू होगा

कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को तकनीकी रूप से व्यवस्थित करने के लिए निगमायुक्त ने घरों पर आरएफआइडी टैग लगाने का काम तत्काल शुरू करने को कहा। साथ ही वाहनों का फील्ड ट्रायल कर उनकी वास्तविक क्षमता, गलियों तक पहुंच, कूड़ा उठाने में लगने वाला समय और सेकेंडरी कलेक्शन प्वाइंट तक पहुंचने की प्रक्रिया जांचने के निर्देश दिए।

एजेंसियों को रूट और ट्रांसफर स्टेशन का निरीक्षण कर कमियों की पहचान करने तथा उन्हें दूर करने की कार्ययोजना प्रस्तुत करनी होगी। वाहन तैनाती की प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा भी होगी।

बेरीवाला बाग में विकसित होगा चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर

इलेक्ट्रिक कचरा संग्रहण वाहनों के संचालन के लिए बेरिवाला बाग पार्किंग स्थल बीवीजी इंडिया लिमिटेड को देने के निर्देश दिए गए हैं। एजेंसी को सात दिन में चार्जिंग के लिए जरूरी बिजली संबंधी ढांचा विकसित करना होगा। दोनों एजेंसियों को पार्किंग स्थलों के बिजली कनेक्शन के लिए तत्काल आवेदन करने को कहा गया है।

इसके अलावा प्रत्येक एजेंसी के लिए कम से कम दो ट्रांसफर साइटों पर बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। संबंधित अधिकारियों को 15 दिन में आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ साइट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

12 हजार मीट्रिक टन कचरे के प्रसंस्करण का लक्ष्य

बंधवाड़ी में पुराने कचरे के निस्तारण की धीमी गति पर भी निगमायुक्त ने सख्ती दिखाई। समीक्षा में सामने आया कि दोनों एजेंसियों को 30 जनवरी 2026 को कुल 16.80 लाख मीट्रिक टन कचरे के प्रसंस्करण का काम दिया गया था।

इसमें से 23 नवंबर तक 8.73 लाख मीट्रिक टन कचरे का प्रसंस्करण हुआ है, जबकि 8.07 लाख मीट्रिक टन आवंटित कचरे का निस्तारण बाकी है।

साइट पर कुल कचरे का स्टाक 13.86 लाख मीट्रिक टन बताया गया। अनुबंध के अनुसार 14 फरवरी 2027 तक आवंटित कचरे का निस्तारण पूरा करना है। इसके लिए प्रतिदिन औसतन करीब 9723 मीट्रिक टन कचरे का प्रसंस्करण जरूरी है।

निगमायुक्त ने दोनों एजेंसियों को प्रतिदिन कम से कम 12 हजार मीट्रिक टन कचरे का प्रसंस्करण करने का लक्ष्य दिया है। दिसंबर और जनवरी में बारिश व कोहरे से काम प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए क्षमता बढ़ाने और शेष कुल कचरे के निस्तारण की अलग कार्ययोजना बनाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम प्रदूषण नियंत्रण में पिछड़ा, बंधवाड़ी लैंडफिल पर कचरे का अंबार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।