विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिर्फ ₹15 में AC इलेक्ट्रिक बस का सफर, गुरुग्राम में 9 रूटों पर ट्रायल शुरू; द्वारका तक सीधी कनेक्टिविटी

Published: Fri, 13 Nov 2026 05:19 PM (GMT+05:30)

गुरुग्राम में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 71 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल की गई हैं, जिनमें से ...और पढ़ें

गुरुग्राम में नौ रूटों पर बसों का ट्रायल शुरू। फोटो: आर्काइव

गुरुग्राम में नौ रूटों पर बसों का ट्रायल शुरू। फोटो: आर्काइव

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। साइबर सिटी में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सिटी बस सेवा के बेड़े में 71 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल की गई हैं। इनमें से 35 बसों का नौ रूटों पर यात्रियों के साथ ट्रायल शुरू हो गया है।

शेष 36 बसों के पंजीकरण की प्रक्रिया चल रही है। इन बसों के नियमित संचालन से शहर के साथ-साथ पटौदी, हेलीमंडी और आसपास के क्षेत्रों तक सार्वजनिक परिवहन की कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।

35 बसों का नौ रूटों पर ट्रायल शुरू

गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड (जीएमसीबीएल) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विश्वजीत चौधरी के अनुसार, इलेक्ट्रिक बसों के शामिल होने से नए रूट शुरू करने और मौजूदा रूटों पर यात्रियों को बेहतर सुविधा देने में मदद मिलेगी।

फिलहाल सभी बसें सेक्टर-10 स्थित बस डिपो से संचालित की जा रही हैं। ट्रायल के दौरान यात्रियों की प्रतिक्रिया, रूटों की उपयोगिता और बसों की संचालन क्षमता का आकलन किया जाएगा। इसके बाद नियमित संचालन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

पटौदी से द्वारका तक मिलेगी कनेक्टिविटी

इलेक्ट्रिक बसों का संचालन नौ रूटों पर किया जा रहा है। इनमें गुरुग्राम बस स्टैंड से हेलीमंडी होते हुए पटौदी रेलवे स्टेशन, गुरुग्राम बस स्टैंड से गुरुग्राम विश्वविद्यालय होते हुए ढाणा मोड़, आईएमटी चौक से द्वारका सेक्टर-21 मेट्रो स्टेशन और सेक्टर-99ए स्थित कान्सिएंट हैबिटेट से गुरु द्रोणाचार्य मेट्रो स्टेशन तक के रूट शामिल हैं।

इसके अलावा सेक्टर-37 के पेस सिटी-2 से मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन, सेक्टर-99ए से केंद्रीय विहार, भोंडसी पुलिस चौकी से महावीर चौक स्थित गौशाला मैदान और गुरुग्राम रेलवे स्टेशन से ढाणा मोड़ तक भी बसें चलेंगी।

15, 25 और 35 रुपये होगा किराया

25 यात्रियों की क्षमता वाली इन बसों का किराया दूरी के आधार पर तय किया गया है। छह किलोमीटर तक की यात्रा के लिए 15 रुपये, छह से 13 किलोमीटर तक के लिए 25 रुपये और 13 किलोमीटर से अधिक दूरी के लिए 35 रुपये किराया देना होगा।

इस किराया व्यवस्था से यात्रियों को निजी वाहनों के मुकाबले सार्वजनिक परिवहन का किफायती विकल्प उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।

150 सीएनजी बसों के साथ बढ़ेगा बेड़ा

फिलहाल जीएमसीबीएल के तहत 150 सीएनजी बसें शहर में सार्वजनिक परिवहन सेवाएं दे रही हैं। नई इलेक्ट्रिक बसों के शामिल होने से सिटी बस बेड़े की क्षमता बढ़ेगी।

इनका उद्देश्य आवासीय सेक्टरों को मेट्रो स्टेशन, रेलवे स्टेशन और प्रमुख सार्वजनिक परिवहन केंद्रों से जोड़ना है। इससे अंतिम छोर तक परिवहन सुविधा बेहतर होने के साथ निजी वाहनों पर निर्भरता कम करने और वाहन प्रदूषण घटाने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- बारिश में नहीं थमेगी गुरुग्राम की रफ्तार, 31 दिसंबर तक बनेगा फ्लड मैनेजमेंट प्लान; अपनाएंगे हैदराबाद मॉडल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।