'कहीं सड़क हादसों का कारण ना बन जाएं आवारा पशु...', अब इन पर लगाम लगाने में जुटा गुरुग्राम नगर निगम
गुरुग्राम नगर निगम ने सड़कों पर घूमने वाले पशुओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान तेज कर दिया है। तीन दिनों में 24 पशुओं को पकड़कर गोशालाओं में भेजा गया है।

गुरुग्राम में बेसहारा पशुओं पर निगम का शिकंजा ( एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
नगर निगम गुरुग्राम ने पशु पकड़ने का अभियान तेज किया।
तीन दिनों में 24 बेसहारा पशुओं को पकड़कर भेजा गोशाला।
आवारा कुत्तों का टीकाकरण और बंधीकरण भी लगातार जारी।
संदीप कुमार, गुरुग्राम। गुरुग्राम की सड़कों और बाजारों में खुले में घूमने वाले पशुओं पर अंकुश लगाने के लिए नगर निगम गुरुग्राम ने अभियान तेज कर दिया है।
अभियान के तीसरे दिन निगम की टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों से 24 पशुओं को पकड़कर गोशालाओं और नंदीशालाओं में पहुंचाया। निगम की ओर से इस कार्रवाई के साथ आवारा कुत्तों के टीकाकरण और बंधीकरण का काम भी जारी रखा गया है।
आवारा पशु बनते हैं सड़क हादसों का सबब
शहर में कई प्रमुख सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर पशुओं के खुले घूमने से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार इनके कारण सड़क हादसों का खतरा भी बना रहता है।
इसे देखते हुए निगम की टीमें क्षेत्रों में निगरानी कर पशुओं को पकड़ने की कार्रवाई कर रही हैं। पकड़े गए पशुओं को सुरक्षित तरीके से गौशालाओं और नंदीशालाओं में भेजा जा रहा है।
कुत्तों का टीकाकरण और बंधीकरण भी जारी
निगम की ओर से आवारा कुत्तों के प्रबंधन पर भी ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए कुत्तों को पकड़कर उनका टीकाकरण और निर्धारित प्रक्रिया के तहत बंधीकरण कराया जा रहा है।
निगमायुक्त डॉ पंकज ने अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने और सभी चिन्हित क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर खुले में घूमने वाले पशुओं के कारण नागरिकों को परेशानी न हो, इसके लिए कार्रवाई जरूरी है।
यह भी पढ़ें- ये क्या हो रहा है..? गुरुग्राम में एजेंसियों की कोताही, कूड़ा संग्रहण में हो रही लेटलतीफी, बढ़ी परेशानी