गुरुग्राम में 19 तालाबों का होगा कायाकल्प, पुनर्जीवन के लिए जल्द निकलेगा टेंडर
नगर निगम गुरुग्राम 19 तालाबों का जीर्णोद्धार करेगा, जिससे शहर और गांवों में जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। कुल 74 ...और पढ़ें

धनकोट तालाब पर नगर निगम द्वारा मरम्मत कार्य करवाए जाएंगे। जागरण
HighLights
नगर निगम गुरुग्राम 19 तालाबों का जीर्णोद्धार करेगा।
तालाबों की सफाई, फुटपाथ निर्माण, पौधरोपण होगा।
मानसून से पहले कार्य पूरा करने का लक्ष्य है।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। शहर और आसपास के गांवों में जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए नगर निगम गुरुग्राम ने 19 तालाबों के जीर्णोद्धार की तैयारी शुरू कर दी है। निगम क्षेत्र में कुल 74 तालाब चिह्नित किए गए थे, जिनमें से 55 तालाबों पर पहले ही विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं।
अब शेष बचे 19 तालाबों को भी विकसित करने की योजना बनाई गई है। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार इन तालाबों की सफाई कर उनमें जमा गाद निकाली जाएगी और साफ पानी भरा जाएगा। साथ ही तालाबों में गांवों और सीवर की गंदगी जाने से रोकने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी।
बनेगा फुटपाथ ट्रैक
इसके अलावा तालाबों के आसपास फुटपाथ ट्रैक तैयार किए जाएंगे और हरियाली बढ़ाने के लिए पौधरोपण भी किया जाएगा।

निगम द्वारा इन कार्यों को टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से एजेंसियों को सौंपा जाएगा। इसके लिए एस्टीमेट तैयार कर मंजूरी दी जा चुकी है और जल्द ही टेंडर जारी किए जाएंगे।
अधिकारियों का कहना है कि इन तालाबों को बरसाती नालों से जोड़ा जाएगा, ताकि वर्षा के पानी का संचयन हो सके और पूरे साल तालाबों में पानी बना रहे।
इन गांवों के तालाबों पर चल रहे विकास कार्य
नगर निगम के जेई अखलाक के अनुसार धनवापुर, बजघेड़ा, धनकोट, कादीपुर, मैदावास और सराय अलावर्दी गांवों में तालाबों के विकास कार्य पहले से चल रहे हैं।

वहीं, उल्लावास और भोंडसी गांव के तालाबों की सफाई करवाने, फुटपाथ ट्रैक की मरम्मत करने और हरियाली बढ़ाने के लिए एस्टीमेट को मंजूरी दी जा चुकी है।
मानसून से पहले पूरा करने का लक्ष्य
नगर निगम के जेई हिमांशु ने बताया कि इन सभी परियोजनाओं के लिए अब टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। एजेंसियों के चयन के बाद कार्य तेजी से शुरू कर दिए जाएंगे। लक्ष्य है कि मानसून से पहले सभी कार्य पूरे कर लिए जाएं, ताकि वर्षा के पानी का अधिकतम उपयोग किया जा सके।
प्रत्येक तालाब पर 35 से 40 लाख रुपये होंगे खर्च
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार प्रत्येक तालाब के विकास और जीर्णोद्धार पर लगभग 35 से 40 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। तालाबों के पुनर्जीवन से न केवल जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि भूजल स्तर को रिचार्ज करने में भी मदद मिलेगी।
साथ ही स्थानीय लोगों को स्वच्छ और हरियाली से भरपूर सार्वजनिक स्थल भी उपलब्ध होंगे।
यह भी पढ़ें- MP: शाख्यासागर तालाब के दूषित पानी से माधव टाइगर रिजर्व के बाघों और जलीय जीवों पर मंडराया खतरा
