विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में टू-वे ट्रैफिक से पहले जाम बना मुसीबत, वाहन चालक त्रस्त, कैसे संभलेगा ट्रैफिक?

Published: Mon, 19 Oct 2026 01:34 PM (IST)

गुरुग्राम में व्यापार केंद्र और गैलेरिया मार्केट रोड पर दोतरफा यातायात शुरू होने से पहले ही जाम की स्थिति बन गई है।

गुरुग्राम में टू-वे ट्रैफिक से पहले ही जाम ( एआई जेनरेटेड इमेज )

गुरुग्राम में टू-वे ट्रैफिक से पहले ही जाम ( एआई जेनरेटेड इमेज )

HighLights

  1. टू-वे ट्रैफिक शुरू होने से पहले ही जाम।

  2. अवैध पार्किंग और रेहड़ियों से सड़क पर अतिक्रमण।

  3. पार्षद ने टू-वे व्यवस्था की समीक्षा की मांग की।

आदित्य राज, गुरुग्राम। व्यापार केंद्र मार्केट रोड और गैलेरिया मार्केट रोड पर दोतरफा यातायात (टू-वे) शुरू करने की तैयारी के बीच अभी से जाम लगने लगा है।

दोनों सड़कों पर सड़क किनारे अवैध पार्किंग और रेहड़ियों के अतिक्रमण के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।

ऐसे में सवाल उठने लगे हैं कि जब मौजूदा यातायात व्यवस्था में ही वाहन चालकों को परेशानी हो रही है, तो टू-वे व्यवस्था लागू होने के बाद ट्रैफिक कैसे संभलेगा? गैलेरिया मार्केट रोड पर अरावली श्रीराम स्कूल के बाहर स्थिति ज्यादा खराब है।

ट्रैफिक कैसे संभलेगा?

स्थानीय लोगों के अनुसार, स्कूल आने-जाने के समय रोजाना तीन से चार घंटे तक सड़क का आधा हिस्सा वाहनों की पार्किंग से घिरा रहता है। इससे सड़क पर वाहनों के निकलने के लिए जगह कम बचती है और जाम की स्थिति बन जाती है।

लोगों का आरोप है कि सड़क पर खुलेआम पार्किंग होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। ऐसे में दोतरफा यातायात शुरू होने पर परेशानी और बढ़ने की आशंका है।

सड़क किनारे पार्किंग और रेहड़ियों से घट रही जगह

व्यापार केंद्र और गैलेरिया मार्केट रोड के किनारे भी वाहनों की पार्किंग और फल सहित अन्य सामान बेचने वाली रेहड़ियों के कारण सड़क का हिस्सा घिर जाता है। इससे यातायात के लिए उपलब्ध जगह पहले ही कम हो जाती है।

टू-वे व्यवस्था में दोनों दिशाओं से वाहनों की आवाजाही होने पर आमने-सामने से आने वाले वाहनों के निकलने में दिक्कत हो सकती है।

ऐसे में सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटाने और रेहड़ियों को व्यवस्थित करने के बिना यातायात सुचारु रखना मुश्किल होगा।

करीब 11 साल पहले जाम की समस्या को देखते हुए इन सड़कों को वन-वे किया गया था। अब गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की ओर से सड़क चौड़ीकरण का काम लगभग पूरा होने के बाद इन्हें दोबारा टू-वे करने की तैयारी की जा रही है। व्यापार केंद्र मार्केट रोड के बीच प्लास्टिक के डिवाइडर पोल भी लगाए जा रहे हैं।

पार्षद ने एक्स पर पोस्ट कर उठाए सवाल

जाम की स्थिति बनने के बाद वार्ड-22 से नगर निगम पार्षद विकास यादव ने एक्स पर पोस्ट कर टू-वे यातायात व्यवस्था की समीक्षा करने की मांग की है।

उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, संबंधित मंत्रियों और जीएमडीए अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है।

उनका कहना है कि टू-वे व्यवस्था लागू करने से पहले यातायात का उचित आकलन किया जाना चाहिए। इस संबंध में जीएमडीए के कार्यकारी अभियंता अमित गोदारा से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।

यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा में 5 मौतों के केस में बड़ा खुलासा, जहरीले रसायन की खरीद पर गहराया रहस्य; एक झटके में उजड़ा परिवार