गुरुग्राम में निजी स्कूलों में आरटीई के तहत दाखिलों का शेड्यूल जारी, 8 दिन तक चलेगी आवेदन प्रक्रिया
शिक्षा विभाग ने गुरुग्राम में निजी स्कूलों में आरटीई के तहत 2026-27 सत्र के लिए दाखिला समय-सारणी जारी की है। ...और पढ़ें

आरटीई के तहत दाखिलों का शेड्यूल जारी। फोटो: आर्काइव
HighLights
आरटीई दाखिले के लिए 31 मार्च से 7 अप्रैल तक आवेदन
9 अप्रैल को लॉटरी द्वारा स्कूलों का आवंटन होगा
अभिभावक उज्ज्वल पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। शिक्षा विभाग ने शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के तहत निजी स्कूलों में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) व वंचित वर्ग के बच्चों के प्रवेश के लिए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की समय-सारणी जारी कर दी है।
विभाग की ओर से जारी नोटिस के अनुसार निजी गैर-सहायता प्राप्त स्कूलों में आरटीई के तहत निर्धारित प्रतिशत सीटों पर दाखिले की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी।
11 से 17 मार्च तक होगी सीटों की घोषणा
अधिकारियों ने बताया कि जारी कार्यक्रम के मुताबिक निजी स्कूल 11 से 17 मार्च तक आरटीई के तहत उपलब्ध सीटों की घोषणा करेंगे। इसके बाद 18 से 24 मार्च तक जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी (डीईईओ) की ओर से स्कूलों द्वारा अपलोड किए गए मान्यता और अन्य दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा।
25 से 30 मार्च के बीच सत्यापित स्कूलों की सूची जारी की जाएगी। इसके बाद अभिभावकों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। अभिभावक 31 मार्च से 7 अप्रैल तक उज्ज्वल पोर्टल पर आनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 9 अप्रैल को लाटरी के माध्यम से बच्चों को स्कूलों का आवंटन किया जाएगा।
4 मई तक जारी होगी प्रतीक्षा सूची
लाटरी के बाद 10 से 23 अप्रैल तक चयनित बच्चों का संबंधित स्कूलों में दाखिला कराया जाएगा। यदि कुछ सीटें खाली रहती हैं तो 30 अप्रैल से 4 मई तक प्रतीक्षा सूची जारी कर प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सरोज दहिया ने अभिभावकों से अपील की है कि आवेदन करते समय सभी जानकारी सही भरें और जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखें। साथ ही विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर समय-समय पर जारी होने वाले निर्देशों पर भी नजर बनाए रखें।
