अमेरिका-ईरान तनाव का असर: गुरुग्राम में होटल, रेस्टोरेंट और उद्योगों में गैस किल्लत की आशंका
अमेरिका-ईरान तनाव के कारण गुरुग्राम में कमर्शियल एलपीजी आपूर्ति पर संकट गहरा गया है। पेट्रोलियम कंपनियों ने वैश्विक भू-राजनीतिक स्थिति ...और पढ़ें

गुरुग्राम में भी दिख रहा अमेरिका-ईरान तनाव का असर। (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
महावीर यादव, बादशाहपुर (गुरुग्राम)। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध जैसे हालात का असर अब गुरुग्राम में भी दिखाई देने लगा है।
पेट्रोलियम कंपनियों की ओर से जारी निर्देशों के बाद होटल, रेस्टोरेंट और कई उद्योगों को कमर्शियल एलपीजी गैस की आपूर्ति पर अस्थायी रोक का सामना करना पड़ सकता है। इससे शहर के होटल और छोटे-बड़े उद्योगों की गतिविधियां प्रभावित होने की आशंका है।
वैश्विक भू-राजनीतिक स्थिति वजह
हिंदुस्तान पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) की ओर से औद्योगिक और कमर्शियल उपभोक्ताओं को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि वैश्विक भू-राजनीतिक स्थिति और आपूर्ति श्रृंखला में आई बाधाओं के कारण फिलहाल एलपीजी की उपलब्धता प्रभावित हो रही है।
यह भी पढ़ें- Iran Israel War: भारत में नहीं होगी तेल की कमी, इन दो देशों का मिला साथ; बनाया सॉलिड प्लान
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार फिलहाल एलपीजी की प्राथमिकता घरेलू उपभोक्ताओं को दी जा रही है। इसी कारण उद्योगों और होटल-रेस्टोरेंट को वैकल्पिक ईंधन की व्यवस्था करने की सलाह दी गई है।
साइबर सिटी में बड़ी संख्या में होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट, कैटरिंग यूनिट और फूड इंडस्ट्री कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर पर निर्भर हैं। अचानक सप्लाई बंद होने की स्थिति में इन प्रतिष्ठानों के सामने खाना बनाने और गतिविधियों को जारी रखना चुनौतीपूर्ण हो जाएगा।
रेस्टोरेंट संचालन में बाधा
कई रेस्टोरेंट संचालकों का कहना है कि यदि कमर्शियल गैस की सप्लाई लंबे समय तक प्रभावित रहती है तो उन्हें उत्पादन कम करना पड़ेगा या कुछ समय के लिए सेवाएं सीमित करनी पड़ सकती हैं।
इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्रों उद्योग विहार, मानेसर और आसपास के औद्योगिक क्लस्टरों में भी कई इकाइयां एलपीजी का उपयोग करती हैं। इनमें फूड प्रोसेसिंग, बेकरी, केमिकल, पैकेजिंग और छोटे-मध्यम स्तर के मैन्युफैक्चरिंग यूनिट शामिल हैं।
गैस की कमी से इन इकाइयों की उत्पादन लागत बढ़ सकती है। क्योंकि उन्हें डीजल या अन्य वैकल्पिक ईंधन का सहारा लेना पड़ सकता है।
कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति प्रभावित होने से इसका सीधा असर होटल-रेस्टोरेंट के खाने की कीमतों पर भी पड़ सकता है। कैटरिंग व्यवसाय और शादी-समारोह से जुड़े आयोजनों में भी व्यवस्थाएं प्रभावित हो सकती हैं।
डीलरों से मांगे नियमित अपडेट
पेट्रोलियम कंपनियों ने अपने डीलरों को निर्देश दिए हैं कि वे ग्राहकों को स्थिति की जानकारी दें और नियमित अपडेट साझा करते रहें। कंपनियों का कहना है कि जैसे ही वैश्विक हालात सुधरेंगे और आपूर्ति सामान्य होगी, कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई भी तुरंत बहाल कर दी जाएगी।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक अशोक रावत का कहना है कि गैस सिलेंडर की अभी किसी तरह की कोई परेशानी नहीं है। अगर कोई गैस एजेंसी इस तरह की परेशानी खड़ी करती है। तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- पश्चिम एशिया में युद्ध का असर: नोएडा में पेट्रोल की कमी की अफवाह से पंपों पर भीड़, कुछ जगह खत्म हुआ स्टॉक
