गुरुग्राम में प्रेमिका ने दूसरे से कर ली शादी तो युवक ने फंदा लगाकर दी जान, लिव-इन में रह रहे थे दोनों
प्रेमिका द्वारा दूसरे से शादी करने से आहत होकर गुरुग्राम के नवादा गांव में एक युवक ने आत्महत्या कर ली। ...और पढ़ें

(सांकेतिक तस्वीर)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। प्रेमिका द्वारा दूसरे से शादी करने से आहत एक युवक ने रविवार रात फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना खेड़कीदौला थाना क्षेत्र के नवादा गांव की है। पुलिस को जांच के दौरान उसके पास से एक सुसाइड नोट भी मिला। इसमें युवती के छोड़कर जाने के बारे में लिखा था।
मृत युवक की पहचान मूल रूप से बागेश्वर जिले के बगर गांव के रहने वाले 26 वर्षीय संजय के रूप में की गई। बताया जाता है कि वह गुरुग्राम के एक निजी होटल में दो महीने से काम कर रहे थे। डेढ़ साल से एक युवती से प्रेम संबंध थे। वह भी होटल में ही काम करती थी। पहले दोनों युवक-युवती गोवा में लिव-इन में रहते थे।
15 दिन पहले तक लिव-इन में थे दोनों
दो महीने पहले दोनों गुरुग्राम आए और नवादा गांव में किराये पर लिव-इन में रह रहे थे। परिवार ने बताया कि 15 दिन पहले ही युवती संजय को छोड़कर चली गई। उसकी किसी दूसरे से शादी हो गई। युवती कोलकाता की रहने वाली थी। रविवार रात आठ बजे दोस्त मोहन संजय से मिलने के लिए उसके रूम पर आया था। उसने कई बार फोन किया, लेकिन फोन नहीं उठा।
इसके बाद पड़ोसियों के साथ मिलकर दरवाजा तोड़ा तो युवक अंदर फंदे पर लटका मिला। खेड़कीदौला थाना पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान युवक के पास से एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें उसने लिखा था कि मैं उससे प्रेम करता था, लेकिन वह किसी दूसरे के पास चली गई। इसलिए वह जीना नहीं चाहता। थाना पुलिस ने सोमवार को युवक के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया।
