विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में पति ने नर्स को दिया जहर का इंजेक्शन; 4 महीने पहले हुई थी लव मैरिज, पढ़ें पूरी कहानी

Published: Fri, 20 Mar 2026 09:46 AM (IST)

गुरुग्राम में प्रेम विवाह के चार महीने बाद एक नर्स की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायकेवालों ने पति ...और पढ़ें

पति अरुण के साथ काजल। (फोटो सौजन्य- स्वजन)

पति अरुण के साथ काजल। (फोटो सौजन्य- स्वजन)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। चार महीने पहले प्रेम विवाह करने वाली एक महिला की बुधवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायकेवालों ने पति पर दहेज के कारण प्रताड़ित करने और जहरीला इंजेक्शन लगाकर हत्या करने का आरोप लगाया।

शिकायत के आधार पर सेक्टर 93 चौकी पुलिस ने आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। आरोपित फिलहाल फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।

मृत महिला की पहचान गुरुग्राम के साढ़राणा गांव की रहने वाली 23 वर्षीय काजल के रूप में की गई। बताया जाता है कि चार महीने पहले काजल गुरुग्राम के निजी अस्पताल में नर्स के रूप में काम करती थीं। उसी अस्पताल में गाजियाबाद का युवक अरुण शर्मा एक्सरे करता था।

नशे का आदी है अरुण

दोनों में प्रेम संबंध हो गए। नवंबर 2025 में परिवारवालों की रजामंदी के बाद शादी हो गई। होली तक दोनों बसई गांव में किराये से रहते थे। इसके बाद काजल पति के साथ मायके में रहने चली गईं।

काजल के भाई गुरदीप ने अरुण पर बार-बार पैसे मांगने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। यह भी कहा कि अरुण नशा करने का आदी था। उसने कुछ समय पहले नौकरी भी छोड़ दी थी। बुधवार सुबह अरुण और काजल में झगड़ा हुआ।

शाम को अचानक काजल की तबीयत बिगड़ गई। नाक से खून आ रहा था। परिवार के लोग काजल को निजी अस्पताल ले गए। वहां से उन्हें नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में काजल को मृत अवस्था में छोड़कर अरुण वहां से फरार हो गया।

बाथरूम से मिले इंजेक्शन और सिरिंज

गुरदीप ने बताया कि काजल के कमरे के बाथरूम से इंजेक्शन और सिरिंज बरामद किया गया। अरुण पर जहरीला इंजेक्शन देकर हत्या करने आरोप लगाया गया। सेक्टर 93 चौकी पुलिस को मामले में शिकायत दी गई।

चौकी पुलिस ने बताया कि फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया गया है। अभी मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी वजह साफ हो सकेगी। आरोपित के खिलाफ हत्या की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। उसकी तलाश की जा रही है।

यह भी पढ़ें- बेगूसराय में मोबाइल जमीन में गड़ा मिला, हादसा या हत्या? युवक की संदिग्ध मौत पर सड़क जाम, बवाल