गुरुग्राम में बच्चों को पढ़ाने की आड़ में चल रहा था मतांतरण, पिछले 3 महीने से आ रहा था दंपती; 3 गिरफ्तार
गुरुग्राम के घाटा गांव में झुग्गी के बच्चों को पढ़ाने के बहाने मतांतरण कराने का आरोप लगा है। पुलिस ने ...और पढ़ें

गुरुग्राम में बच्चों को पढ़ाने की आड़ में चल रहा था मतांतरण। फोटो: सांकेतिक
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। सेक्टर-56 थाना क्षेत्र के गांव घाटा में मतांतरण कराने का मामला सामने आया है। यहां ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि झुग्गी के बच्चों को पढ़ाने के बहाने से ईसाई समाज में मतांतरण कराया जा रहा था।
ग्रामीणों की सूचना के बाद सेक्टर-56 थाना से पुलिस टीम पहुंची और मौके से तीन लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शनिवार शाम मतांतरण के आरोप में सेक्टर-56 थाना में केस दर्ज किया गया है।
बच्चों को शिक्षा का प्रलोभन देने का आरोप
पुलिस को स्थानीय निवासी अनुज ने मामले में शिकायत दी है। उन्होंने आरोप लगाया है कि 14 नवंबर को ईसाई समाज के कुछ लोग गांव के पास बनी झुग्गियों में पहुंचे थे।
शिकायतकर्ता के अनुसार, ये लोग झुग्गियों में रह रहे गरीब परिवारों के बच्चों को शिक्षा व अन्य सुविधाएं देने का प्रलोभन देकर मतांतरण से जुड़ी गतिविधियां चला रहे थे।
आरोप है कि लोगों को मतांतरण के लिए प्रेरित किया जा रहा था। शिकायत में इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई है।
तीन महीने से हर शनिवार आ रहे थे दंपती
स्थानीय लोगों ने बताया कि एक ईसाई दंपती करीब तीन महीनों से घाटा गांव की झुग्गियों में हर शनिवार आ रहे थे और बच्चों को प्रलोभन देकर ईसाई धर्म के बारे में जानकारी दे रहे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।